आयकर अधिकारियों ने अब डायरी में शामिल नाम वाले लोगों को समन भेजने का फैसला किया

भोपाल. प्रवर्तन निदेशालय की रिमांड पर चल रहे आरटीओ के पूर्व आरक्षक सौरभ शर्मा, शरद जायसवाल और चेतन सिंह गौर से ईडी वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूछताछ कर रही है। इनसे जब्त फुटेज के आधार पर यह जानकारी ली जा रही है कि उनके यहां आने वाले व्यक्तियों से उनके क्या संबंध है और किस काम के लिए उनका आना-जाना हुआ है। दूसरी ओर आयकर विभाग भी दो माह की पडताल के बीच अब मेंडोरी में इनोवा कार में मिली डायर में शामिल नामों की पहचान कर ऐसे लोगों को समन जारी कर पूछताछ के लिए तलब करने की तैयारी में है।
आयकर विभाग जारी करेगा समन
इधर 19 व 20 दिसम्बर की रात मेंडोरी के जंगल में इनोवा कार में जब्त गोल्ड और कैश के साथ बरामद की गई डायरी को लेकर आयकर विभाग एक्टिव हुआ है। बताया जाता है कि आयकर अधिकारियों की टीम ने अब डायरी में शामिल नाम वाले लोगों को समन भेजने का फैसला किया है। इसमें प्रदेश के सभी 52 जिलों के आरटीओ के यहां से रकम के लेन देन की बात शुरुआती जांच में सामने आई थी। इसलिए इन दफ्तरों से संबंधित अधिकारियों की पहचान कर उन्हें समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाए जाने की तैयारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *