लोक निर्माण विभाग की सड़कों के निर्माण में नवीनतम तकनीकों एवं केपेसिटी बिल्डिंग की बारीकियां सिखाईं
ग्वालियर – ग्वालियर एवं चंबल संभाग में पदस्थ लोक निर्माण विभाग के लगभग 200 अभियंताओं को प्रदेशव्यापी प्रशिक्षण के तहत शनिवार को यहाँ बालभवन के ऑडीटोरियम में प्रशिक्षित किया गया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रशिक्षण लेने आए सभी अभियंताओं को संबोधित किया। उन्होंने सभी इंजीनियरों को नवीन तकनीकों से अपडेट रहने और लोक निर्माण से लोक कल्याण करने पर जोर दिया गया। भोपाल से आये मुख्य अभियंता गोपाल सिंह एवं प्रवीण जोशी आरडीसी ने प्रशिक्षण में इंजीनियरिंग की बारीकियां बताईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्वालियर रीजन के लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण यंत्री व्हीके झा ने की। इस आयोजन में कार्यपालन यंत्री धर्मेन्द्र यादव की भूमिका सराहनीय रही।
प्रदेशव्यापी अर्धदिवसीय प्रशिक्षण के तहत लोक निर्माण विभाग के समस्त अभियंताओं (बी.एण्ड आर, पीआईयू, एमपीआरडीसी, एमपीबीडीसी, सेतु निर्माण, एन.एच.) उपयंत्री स्तर से अधीक्षण यंत्री स्तर तक के अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया।
अतिरिक्त प्रमुख अभियंता द्वारा कार्य की गुणवत्ता सुधार से संबंधित नवीन तकनीकों के बारें में बताया। इसी क्रम में विक्रांत सिंह तोमर द्वारा कार्यों की कैपेसिटी बिल्डिंग, गुणवत्ता, नवीन कम्प्यूटराईज्ड तरीकों से कार्य किये जाने के लिये विस्तृत जानकारी दी गई।
