ग्वालियर में स्कूटी सवारों ने नेवी जवान को गोली मारी

ग्वालियर. दोस्तों के साथ बैठा नेवी का जवान गोली लगने से घायल हो गया। घटना देर रात 12.30 बजे समर्थ नगर गोला का मंदिर की है। सूचना पर जब पुलिस पहुंची तो घायल जवान ने स्कूटी सवार दो बदमाशों द्वारा पिस्टल से गोली मारने की बात बताई। पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को कहानी संदिग्ध नजर आ रही है। कुछ बातें पुलिस के गले नहीं उतर रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है साथ ही घटना स्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
गोली मारने के बाद हमलावर भाग निकले
गोला का मंदिर थाना क्षेत्र की अमलतास कॉलोनी निवासी नितिन उर्फ मौसम पुत्र अखिलेश शर्मा इंडियन नेव में जवान है। कुछ दिन पहले वह छुट्टी पर घर आया था। मंगलवार देर रात वह अपने दोस्तों रोहित उर्फ हनी, राहुल शर्मा अनिल उर्फ अभिषेक राजावत के साथ समर्थ नगर आंगनबाडी केन्द्र के बाहर बैठा था तभी स्कूटी से दो युवक आए और पीछे बैठे युवक ने पिस्टल निका कर फायर कर दिया। गोली नितिन के कूल्हे में लगी। गोली मारने के बाद हमलावर भाग निकले। घायल नितिन को उसके साथी एक निजी अस्पताल ले गए। मामे का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पडताल शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस को घायल जवान की कुछ बातें गले नहीं उतर रही है जिस जगह गोली चली वहां पर लोगों से पूछताछ की तो घटना के बारे में किसी ने पुष्टि नहीं की है। नितिन को गोली नीचे से ऊपर की ओर लगी है, जबकि कोई सामने से गोली मारेगा तो वह ऊपर से नीचे की ओर जाएगी। नितिन जहां घटना स्थल बता रहा है, उसका कहना है कि वह अक्सर वहां बैठता था। उसने पुलिस को यह भी बताया है कि किसी से उसकी कोई दुश्मनी नहीं थी। उसने हमलावरों की कोई पहचान भी अभी तक नहीं बताई है।
पुलिस खंगाल रही CCTV कैमरे
इस मामले में गोला का मंदिर थाना पुलिस CCTV कैमरे खंगाल रही है। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास गुजरने वाले रास्तों पर लगे CCTV कैमरे भी खंगाले हैं। पुलिस को फिलहाल कोई ठोस सबूत नहीं मिला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *