MP में बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव, होली पर्व के कारण किया परिवर्तन
भोपाल. मध्यप्रदेश में बोर्ड परीक्षा में बड़ा बदलाव किया गया है। माध्यमिक शिक्षा मंडल ने होली पर्व के कारण 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा के कार्यक्रम में परिवर्तन किया है। बोर्ड ने रंग पंचमी के दिन का पेपर बदल दिया है। अब 19 मार्च की जगह 21 मार्च को पेपर होगा। इंदौर सहित मालवा-निमाड़ के प्रमुख लोक सांस्कृतिक पर्व रंगपंचमी पर माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड की कक्षा 10वीं एवं कक्षा 12वीं की परीक्षाओं को अन्य तारीख में कराने की मांग की जा रही थी। गुरुवार के अंक में प्रमुखता से समाचार का प्रकाशन किया तो इंदौर संभाग के जिलों से जनप्रतिनिधियों ने छात्र-छात्राओं की आवाज सरकार तक पहुंचाने के लिए कदम बढ़ा दिए। केन्द्रीय राज्यमंत्री व धार सांसद सावित्री ठाकुर ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र भी लिखा। वहीं, कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया और नागरसिंह चौहान ने स्कूल शिक्षामंत्री से चर्चा कर रंगपंचमी पर प्रस्तावित प्रश्न-पत्र को अन्य तारीख में करने की मांग रखी। कई विधायक भी माध्यमिक शिक्षा मंडल के फैसले को उचित नहीं ठहरा रहे। जिलों के कलेक्टर्स ने माध्यमिक शिक्षा बोर्ड को जनभावना से अवगत कराया।
उधर, छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों ने भी खुलकर परीक्षा में बदलाव की मांग की, विशेषकर रंगपंचमी का प्रश्न-पत्र का दिन बदलने को कहा। देवास कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि रंगपंचमी के दिन बोर्ड परीक्षाओं के आयोजन के विषय को माशिमं के समक्ष रखा। हमने पर्व की महत्ता को लेकर बात रखी।
