बिजली कंपनी का ऐलान, सोलर पैनल के लिए नहीं लगाना पड़ेगा मीटर

ग्वालियर. सोलर पैनल लगवाने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। जानकारी के लिए बता दें कि जिन उपभोक्ताओं के घरों में सोलर पैनल लगे हैं, अब उनको अलग से मीटर नहीं लगवाना पड़ेगा। बिजली कंपनी अब ऐसे उपभोक्ताओं के घरों में नेट मीटर लगा रही है, जिससे एक ही मीटर से सब कुछ ऑपरेट हो जाएगा। बिजली कंपनी ने मीटर की डिमांड भेज दी है, अब सॉफ्टवेयर अपलोड कर इन मीटर को लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। शहर की छतों पर करीब 3500 सोलर पैनल लग चुके हैं, जिनसे बिजली पैदा की जा रही है।
मीटर से मिलेगी पूरी जानकारी
नितिन मांगलिक महाप्रबंधक शहर वृत ने बताया, सोलर पैनल के लिए अब वेंडर को अलग से मीटर नहीं लगाना पड़ेगा। अब नेट मीटर आ रहे हैं, जिनमें ऐसा सॉफ्टवेयर अपलोड किया जा रहा है, जो कितनी बिजली पैदा हुई और कितनी घरेलू बिजली का उपयोग हुआ, इसका गुणा-भाग कर देगा, जिससे उपभोक्ता को आसानी से पता चल जाएगा। पहले यह गणना अलग-अलग होती थी। अब मीटर से उपभोक्ताओं को सारी जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने बताया, करीब 500 नेट मीटर की डिमांड भेज दी गई है। इन मीटरों में नया सॉफ्टवेयर अपलोड होने के बाद इसको उपभोक्ताओं के घरों पर लगाया जाएगा। इसके अलावा अब नए सोलर पैनल लगाने कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं के घर नेट मीटर ही लगाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *