भारतीय गरिमा के शीर्ष उत्सव की गरिमा के अनुरुप हों गणतंत्र दिवस समारोह की सभी व्यवस्थाएँ 

आईजी, डीआईजी, कलेक्टर एवं एसएसपी ने एसएएफ मैदान पहुँचकर लिया तैयारियों का जायजा 
ग्वालियर – भारतीय गरिमा के शीर्ष उत्सव गणतंत्र दिवस की 75वी वर्षगाँठ तैयारियाँ जोर-शोर से जारी हैं। गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को जिले का मुख्य समारोह कम्पू स्थित एसएएफ ग्राउण्ड पर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट के मुख्य आतिथ्य में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ आयोजित होगा। समारोह में प्रभारी मंत्री प्रात: 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगे और संयुक्त परेड की सलामी लेंगे।
पुलिस महानिरीक्षक अरविंद सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी, कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह सहित जिला प्रशासन व पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने गुरुवार को एसएएफ मैदान पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया।
सभी अधिकारियों ने समारोह स्थल पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं कारगिल शहीदों के परिजनों, जनप्रतिनिधियों, सम्मानित होने जा रहे व्यक्तियों सहित आम नागरिकों की बैठक व्यवस्था की तैयारियां देखीं। साथ ही ध्वजारोहण मंच, संयुक्त परेड, झांकियों की तैयारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम इत्यादि की तैयारियों की वस्तुस्थिति भी जानी। कलेक्टर ने कहा कि भारतीय गणतंत्र के शीर्ष उत्सव की गरिमा को ध्यान में रखकर गणतंत्र दिवस समारोह की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दें।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर अंजू अरूण कुमार, कुमार सत्यम व टीएन सिंह व संयुक्त कलेक्टर संजीव जैन सहित क्षेत्रीय एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *