12 कैदियों को गणतंत्र दिवस पर केन्द्रीय जेल से मिलेगी आजादी
ग्वालियर. केन्द्रीय जेल में एक बार फिर गणतंत्र दिवस के मौके पर खुशी की लहर आने वाली है। जेल मुख्यालय के आदेश पर अच्छे व्यवहार करने वाले 12 कैदियों को 26 जनवरी को आजाद किया जायेगा। जेल प्रशासन ने इन कैदियों के परिजनों को खबर दे दी है और रिहाई की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है।
गणतंत्र दिवसव के दिन जेल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम के बाद आजाद होने वाले कैदियों को भोजन कराया जायेगा। इसके बाद उन्हें शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक बिदाई दी जायेगी। जेल के बाद उनके परिजन उनका बेसब्री से इंतजार करेंगे।
हर साल होती है ये परंपरा
जेल अधीक्षक विनीत सरवईया के अनुसार, इन कैदियों ने जेल में रहते हुए अपने साथी कैदियों की भी मदद की है। लंबे समय तक जेल में रहने के दौरान इन्होंने अपने व्यवहार से सभी को प्रभावित किया है। रिहाई के समय उनके साथी कैदी भी उन्हें भावभीनी विदाई देंगे। यह परंपरा हर साल की तरह इस साल भी जारी रहेगी, जिसमें अच्छे आचरण वाले कैदियों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर रिहा किया जाता है। यह पहल कैदियों में सुधार और अच्छे व्यवहार को प्रोत्साहित करने का एक सकारात्मक कदम है।
