पहाड़ों से ठंडी हवाओं का असर नहीं, MP में अगले 24 घंटे मौसम शुष्क

भोपाल. प्रदेश के मौसम का मिजाज अब बदल गया है। हवाओं का रुख बदलने से कड़ाके की ठंड से प्रदेशवासियों को राहत मिली, लेकिन तीखी धूप की वजह से गर्मी का अहसास भी होने लगा है। वर्तमान में पूर्वी और दक्षिण पूर्वी हवाएं प्रदेश में आ रही हैं। इस वजह से तापमान में यह बदलाव देखने को मिल रहे हैं। अगले दो-तीन दिन भी यही स्थिति बनी रहेगी। सोमवार को तीखी धूप की वजह से प्रदेश के कई जिलों में दिन के तापमान में पांच डिग्री तक की बढ़ोतरी हुई। खंडवा, खरगोन, खजुराहो और मंडला का अधिकतम तापमान 30 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं रविवार-सोमवार दरमियानी रात के न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि हुई। यही कारण है कि प्रदेश के अधिकांश जिलों में अब रात को भी कड़ाके की ठंड नहीं पड़ रही है। हालांकि प्रदेश में एकमात्र मंडला जिला ऐसा है, जहां सबसे कम न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेसिल्यस दर्ज किया गया।
पहाड़ों से ठंडी हवाओं का असर नहीं
मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अफगानिस्तान और पाकिस्तान समेत जम्मू कश्मीर के पास पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। वहीं राजस्थान की तरफ एक प्रेरित चक्रवात बना हुआ है। इस वजह से हवाओं का रुख बदला हुआ है। पहाड़ों से ठंडी हवाएं प्रदेश में नहीं आ रही हैं। अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क रहेगा। दिन और रात के तापमान में मामूली वृद्धि होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *