तहसील में क्लर्क ने महिला को मारे जूते, कार्यालय में पुलिसकर्मी के सामने की हाथापाई

भिंड. मध्य प्रदेश के भिंड जिले के गोहद तहसील में सरकारी कर्मचारी ने जमीन संबंधी फरियाद लेकर पहुंची महिला से अभद्रता कर उस पर सरेआम थप्पड़ बरसाए और जूते से पिटाई की। मारपीट के दौरान किसी ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। गोहद एसडीएम पराग जैन ने लिपिक को निलंबित कर दिया है।
ये है मामला
लोधे की पाली निवासी राम अवतार जाटव की 55 वर्षीय पत्नी दीपा जमीन संबंधी काम को लेकर तहसील कार्यालय पहुंची थीं। महिला का आरोप है कि तहसील में कार्यरत लिपिक नवल किशोर गौड़ ने उनसे काम के बदले पैसे लिए थे, लेकिन फिर भी काम नहीं हुआ तो वह लिपिक से मिलने तहसील गईं। लिपिक ने अभद्रता की तो उन्होंने विरोध किया। इससे लिपिक आपा खो बैठा। विवाद बढ़ते ही लिपिक गौड़ ने गाली-गलौज शुरू कर दी और महिला के गालों पर थप्पड़ जड़ दिए। इतना ही नहीं, उसने हाथ में जूता लेकर सरेआम पिटाई भी की। इस दौरान महिला चीखती रही, लेकिन आरोपित लिपिक उस पर जूता बरसाता रहा। महिला के काफी चोटें आईं। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। डाक्टरों के मुताबिक महिला को गंभीर चोटे आई हैं। उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपी लिपिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *