महाकुंभ-आग में सिलेंडर के उड़े परखच्चे, कहीं दिखे टूटे बर्तन तो कहीं बिखरे चूल्हे
प्रयागराज. महाकुंभ मेला क्षेत्र में रविवार को आग लग गयी। यह आग सेक्टर-19 में अखिल भारतीय धर्म संघ गीता प्रेस गोरखपुर के कैम्प में लगी और यहां से चारों ओर फैल गयी। आग से कई टेंट और उनमें रखे सामान जलकर राख हो गया। हालांकि अब तक की जानकारी में आग लगने का सही वजह सामने नहीं आई है।
शुरूआती जानकारी के अनुसार पहले एकसिलेंडर में आग लगी और इसके बाद यह फैल गयी। आग के विकराल रूप लेने के बाद अलग-अलग टेंट में रखे सिलेंडर में एक के बाद एक कई विस्फोट हुए। करीब 8-9 सिलेंडर में ब्लास्ट होने की जानकारी सामने आयी है। हालांकि फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग में लगभग 15-18 टेंट जलकर राख हो गये। अखाड़ा थाना प्रभारी भास्कर मिश्रा ने कहा है कि महाकुंभ मेले के सेक्टर 19 में 2 सिलेंडर में धमाका होने से कैम्पों में भीषण आग लग गयी।
मुख्यमंत्री योगी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
प्रयागराज के डीएम रवीन्द्र कुमार ने कहा है कि सेक्टर-19 में गीता प्रेस के टेंट में शाम 4.30 बजे आग लग गयी। उन्होंने कहा है कि किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है स्थिति काबू में है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ में आग लगने की घटना का संज्ञान लिया है। उनके कार्यालय ने कहा है कि सीनियर अधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद रहें। महाकुंभ 2025 के आधिकारिक हैण्डल एक्स पर एक पोस्ट में कहा गया है। ’बहुत दुःखद‘ महाकुंभ में आग लगने की घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।
प्रशासन तत्काल राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित कर रहा है। हम सभी की सुरक्षा के लिये मां गंगा से प्रार्थना करते हैं।
उत्तरप्रदेश के एडीजी भानु भास्कर ने कहा है कि आग बुझा दी गयी है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सभी सुरक्षित है। आग लगने की वजह सिलेंडर ब्लास्ट बताया जा रहा है। लेकिन इस संबंध में अभी और जांच की जानी बाकी है। उन्होंने कहा है कि हमें सिलेंडर फटने की सूचना मिली थी। लोगों को बाहर निकाला गया और आग बुझाई गयी। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हमें बताया गया है कि 2 सिलेंडर फटे हैं। लेकिन जांच की जा रही है। महाकुंभ 13 जनवरी को शुरू हुआ और 26 फरवरी तक चलेगा। 18 जनवरी तक महाकुंभ में 7 करोड़ से अधिक तीर्थयात्री ने संगम त्रिवेणी में डुबकी लगाई है। अधिकारियों ने कहा है कि रविवार को 46.95 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई।
250 टेंट जले
महाकुंभ मेला क्षेत्र में मौजूद एक चश्मदीद ने दावा किया कि 250 के आसपास टेंट आग से जलकर खाक हो गए। आग की लपटें काफी ऊंची थी. काफी बड़े क्षेत्र में आग लगी थी। आग से करीब 250 टेंट जलकर खाक हो गए। NDRF के dig एमके शर्मा ने कहा, ‘यहां मौजूद सभी टीमों ने मिलकर काम किया और आग पर काबू पा लिया गया. एनडीआरएफ की चार टीमें यहां तैनात हैं.’महाकुंभ मेला डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा, ‘किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हम जांच में आग के कारणों का पता लगाएंगे. मौके पर करीब 15 दमकल गाड़ियां मौजूद हैं. हम लोगों को निकाल रहे हैं. सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।’
घटना पर सपा ने उठाया सवाल
महाकुंभ मेला क्षेत्र में आग की घटना के बाद समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार पर सवाल उठाना शुरू कर दिया है। सपा नेता ने कहा कि समाजवादी पार्टी शुरू से कुंभ में हो रही तैयारी पर सवाल खड़े कर रही थी। जो श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, वह खुले आसमान के नीचे हैं. पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। महाकुंभ में आग लगने की घटना पर अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि महाकुंभ मेले में लगी आग को तुरंत गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
