टॉयलेट बहाना बनाकर भागा दुष्कर्म का आरोपी, पुलिस ने बुलाया था, महिला को देखते ही भागा
ग्वालियर. पड़ाव थाने में शनिवार की देर रात दुष्कर्म की शिकायत पर बुलाया गये युवक टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर थाने से फरार हो गया है। आरोपी के भागने के पुलिस ने उसकी काफी तलाश की। लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया है। चूंकि मामला हजीरा थाने का था। पड़ाव थाना पुलिस ने संबंधित थाना प्रभारी को सूचना देकर पीडि़त महिला को शिकायती आवेदन के साथ हजीरा थाने भेज दिया। अब हजीरा थाना पुलिस आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्यवाही करेगी।
क्या है मामला
शनिवार की रात करीब 11:30 बजे ग्वालियर के पड़ाव थाने पर एक महिला बिरला नगर निवासी धर्मेंद्र जाटव के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत लेकर पहुंची। महिला ने लिखित शिकायत में बताया कि धर्मेंद्र जाटव की पत्नी उसकी पुरानी मित्र है। धर्मेंद्र ने काम दिलाने का झांसा देकर उसे बुलाया था। दो दिन पहले, जब वह घर पर अकेली थी और उसका पति बाहर गया हुआ था, तभी धर्मेंद्र उसके घर आया और उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। वह अपनी पत्नी के साथ थाने पहुंचा, लेकिन वहां पीड़ित महिला को देखकर वह टॉयलेट जाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। काफी देर बाद भी जब वह नहीं लौटा, तो पुलिस ने टॉयलेट और थाने के परिसर में उसे तलाशा, लेकिन वह फरार हो चुका था
पड़ाव थाने ने पीडि़ता को भेजा हजीरा थाने
टीआई पड़ाव आलोक परिहार ने बताया कि महिला ने दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। पूछताछ के लिये आरोपी को बुलाया गया था। लेकिन वह टॉयलेट का बहाना बनाकर भाग गया। चूंकि मामला हजीरा थाना इलाके का है। इसलिये महिला को शिकायती आवेदन के साथ हजीरा थाने भेजा गया। अब आगे की जांच और कार्यवाही हजीरा थाना पुलिस द्वारा की जायेगी।
