शादी से 4 दिन पूर्व पिता ने कर दी बेटी की हत्या, बेटी ने 2 दिन पहले वीडियो में बताया था मैं दूसरे से प्यार करती हूं

ग्वालियर. एक पिता ने अपनी 20 वर्षीय बेटी को गोली मार कर हत्या कर दी। पिता ने बेटी की हत्या करने के बाद 10 मिनट तक पिस्टल और कट्टा लहराता रहा है। घटना मंगलवार की रात 8 बजे आदर्शनगर महाराजपुरा की है। 4 दिन के बाद 18 जनवरी को छात्रा की शादी होने वाली थी। पुलिस ने किसी तरह से बेटी के आरोपी पिता पर काबू पाया है।
एसपी धर्मवीर सिंह और सीएसपी महाराजपुरा मौके पर है। हत्या के आरोपियों में युवती के चचेरे भाई का नाम भी शामिल है। 2 दिन पूर्व ही युवती ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि मैं किसी दूसरे लड़के से प्यार करती हूं।
घरवाले रोज पीटते थे वीडियो में बताया
हैलो…. मेरा नाम तनु गुर्जर है, मेरे पापा का नाम महेश गुर्जर है, मेरी मम्मी का नाम ममता गुर्जर है। मैं आदर्श नगर की रहने वाली हूं। आपको बताना चाहती हूं कि मैं एक लड़के से बहुत प्यार करती हूं। हमारे रिलेशन को 6 साल हो गये है। पहले मेरे घरवालों ने शादी के लिये हां कर दी थी। लेकिन फिर मना कर दिया। अब वह मुझे रोज पीटते है। मारने की धमकी भी देते हैं। जिससे मैं प्यार करती हूं उसका नाम भीकम मावई है। वह आगरा का रहने वाला है। अगर मैं मरी या मुझे कुछ हुआ तो उसके जिम्मेदार मेरे घरवाले होंगे। क्योंकि वह मुझ पर हर रोज दबाव बनाते हैं किसी और से शादी करने के लिये, मैं नहीं कर सकती।
पिता कट्टा लेकर पहुंचे
महाराजपुरा आदर्श नगर निवासी तनु गुर्जर (20) के पिता महेश सिंह हाईवे पर महेश ढाबा का संचालन करते हैं। घर में तनु की शादी की तैयारियां चल रही हैं। मंगलवार रात करीब 8 बजे के अचानक महेश गुस्से से तमतमाता हुआ पहुंचा और पिस्टल से उसके चेहरे पर गोली मार दी। गोली लगते ही तनु अचेत होकर गिर पड़ी। गोली की आवाज सुनते ही परिजन कमरे में पहुंचे तो वहां बेटी तनु की लाश खून से सनी पड़ी थी। उसका चेहरा पूरा बिगड़ चुका था। पिता कट्टा लेकर और चचेरा भाई राहुल पिस्टल लेकर खड़ा था। घटना की सूचना पड़ोसियों ने पुलिस को दी। तत्काल सीएसपी महाराजपुर नागेन्द्र सिंह सिकरवार स्पॉट पर पहुंचे तो महेश हवा में कट्टा और पिस्टल लहरा रहा था। तनु यह शादी करना नहीं चाहती थी। उसकी मर्जी के बिना यह शादी तय की गई थी। इसी को लेकर यह पूरा विवाद है। बुधवार को हल्दी व मेहंदी का कार्यक्रम होना था।

