आज आ सकती है BJP जिलाध्यक्षों की पहली लिस्ट, MP के 50 जिलों में बनी सहमति
भोपाल. मध्य प्रदेश में बीजेपी के जिलाध्यक्षों के नामों का पैनल तैयार हो गया है। करीब 50 जिलों में रायशुमारी के बाद सहमति बन गई है। नामों के इस पैनल को अब भोपाल से ई-मेल के जरिए दिल्ली भेजा जाएगा। दिल्ल से हरी झंडी मिलने के बाद आज रात तक पहली सूची आने की संभावना है। इसमें 50 जिलों के अध्यक्ष घोषित किए जा सकते है। इससे पहले गुरूवार देर रात तक बीजेपी के जिला निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने रायशुमारी में आए नामों की मेरिट लिस्ट के आधार पर पैनल तैयार किए। हर जिले के पैनल में एक महिला एसटी-एससी नेता का नाम भी शामिल किया गया है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मध्य प्रदेश में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव कराएंगे। पार्टी ने उन्हें प्रदेश संगठन के लिए चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है।
देर रात तक चली बैठक
प्रदेश भाजपा कार्यालय में गुरूवार देर रात करीब सवा 10 बजे तक जिलेवार वन-टू-वन बैठक चली। इससे पहले सुबह 11 बजे से बीजेपी की प्रदेश संगठन चुनाव की पर्यवेक्षक सरोज पांडे, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश चुनाव अधिकारी विवेक शेजवलकर, सह चुनाव अधिकारी रजनीश अग्रवाल ने जिला निर्वाचन अधिकारियों और पर्यवेक्षकों के साथ रायशूमारी के टेबुलेशन शीट और पैनल पर चर्चा की।
