फिटजी कोचिंग की भोपाल ब्रांच 7 दिन से बंद, छात्रों ने किया हंगामा
भोपाल. इंजीनियरिंग कॉलेजों में एडमिशन के लिए ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) की तैयारी कराने वाली दिल्ली की फिटजी कोचिंग की भोपाल ब्रांच 7 दिन से बंद हैं। यहां कोई फैकल्टी पढ़ाने नहीं आ रही हैं। इसे लेकर शनिवार को 25 से ज्यादा छात्रों ने हंगामा किया और एमपी नगर थाने में शिकायत की। उन्होंने कोचिंग के संचालक के खिलाफ फीस के रुपए हड़पने के आरोप लगाए। पुलिस ने मामले में जांच के बाद कार्रवाई की बात कही। इधर, कोचिंग के एक फैकल्टी ने बताया कि यहां पढ़ाने वाले टीचर्स का सैलरी को लेकर इश्यू चल रहा था। वे पढ़ाने नहीं आ रहे हैं। उन्होंने किसी दूसरे ग्रुप को जॉइन कर लिया है। दिल्ली से हमारी टीम आ रही है। सोमवार तक सब ठीक हो जाएगा।
भोपाल ब्रांच में करीब 700 छात्रों का एडमिशन
दिल्ली की फिटजी कोचिंग की भोपाल ब्रांच मे करीब 700 स्टूडेंट्स के एडमिशन है। प्रति स्टूडेंट डेढ़ से 3 लाख रुपए फीस ली जाती है। उधर, ये मामला भोपाल कलेक्टर तक भी पहुंचा। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि कोचिंग सेंटर पर एक्शन लिया जाएगा। बच्चों की फीस वापस कराने के प्रयास करेंगे।

