MP में शीतलहर का असर, अगले कुछ दिनों में कई शहरों का गिरेगा तापमान
भोपाल. उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। बर्फीली हवाओं के असर से मध्य प्रदेश में ठंड ने वापसी की है। नतीजतन, 24 शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। रायसेन में तो मंगलवार को पारा 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस पर रहा।
पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.5°C
रायसेन, राजगढ़, धार, जबलपुर, सिवनी, सागर, पचमढ़ी, नीमच में शीतलहर चली। इसके साथ ही भोपाल, इंदौर, धार, रतलाम, उज्जैन एवं टीकमगढ़ में शीतल दिन रहा। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार को न्यूनतम तापमान में कुछ और गिरावट भी हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। बंगाल की खाड़ी में एक गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर पश्चिमी विक्षोभ मौजूद है। हवाओं का रुख उत्तरी एवं उत्तर पश्चिमी बना हुआ है।
