MP के 10 हजार से अधिक लाभार्थियों को मिलेंगे 225 करोड़ रुपये
भोपाल. मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को भोपाल में संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता के 10 हजार 236 प्रकरणों में श्रमिकों के परिवारों को 225 करोड़ रुपये की सहायता राशि सिंगल क्लिक से वितरित करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल भी उपस्थित रहेंगे। बता दें कि मध्य प्रदेश में असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के लिए संचालित महत्वपूर्ण संबल योजना में अनुग्रह सहायता योजना के अंतर्गत दुर्घटना में मृत्यु होने पर चार लाख रुपये एवं सामान्य मृत्यु होने पर दो लाख रुपये प्रदान किए जाते हैं।
अनुग्रह राशि का वितरण
स्थायी अपंगता पर दो लाख रुपये एवं आंशिक स्थायी अपंगता पर एक लाख रुपये तथा अंत्येष्टि सहायता के रूप में पांच हजार रुपये प्रदान किए जाते हैं। सभी संबल हितग्राहियों को आयुष्मान भारत निरामय योजना अंतर्गत पात्र श्रेणी में चिन्हित किया गया है। राज्य सरकार द्वारा प्रारंभ से अब तक एक करोड़ 73 लाख श्रमिकों का संबल 2.0 योजना के अंतर्गत पंजीयन किया जा चुका है।
मप्र में 2.5 लाख करोड़ के लगेंगे उद्योग, दो लाख युवाओं को मिलेगा रोजगार
स्वदेशी जागरण मंच की ओर से जबलपुर के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले में हुए रोजगार व स्वरोजगार मेले में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने युवाओं को घरेलू और लघुउद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से देश में बड़ी संख्या में घरेलू उद्योग स्थापित किए जा रहे हैं। ऐसे में, युवा लघु और घरेलू उद्योगों अपनाकर नौकरी देने वाले बनें। मुख्यमंत्री डा. यादव ने कहा कि जबलपुर, रीवा, सागर, उज्जैन और ग्वालियर संभाग में हुए रीजनल कान्क्लेव में 2.5 लाख करोड़ के इन्वेस्टर प्लान बने हैं। इन संभागों के जिलों में उद्योग स्थापित होंगे। यहां के दो लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा। नर्मदापुरम में होने वाले रीजनल कान्क्लेव के लिए 250 हेक्टेयर का प्लान बना था, जो बढ़कर 759 हेक्टेयर हो गया है।
