ग्वालियर में फ्लैट में फांसी पर लटका मिला वकील का शव

ग्वालियर. शहर के चर्चित हाईकोर्ट के वकील का शव रविवार देर रात उनके ही फ्लैट में फांसी के फंदे पर लटका मिला। यह फ्लैट शहर के बलवंत नगर स्थित मनोहर एन्क्लेव में उन्होंने तीन महीने पहले ही खरीदा था। वकील सुरेश अग्रवाल शहर के चर्चित मामलों में पैरवी करने के लिए चर्चित रहे चाहे वो सम्राट मिहिर भोज जाति विवाद या फिर संत पॉल चर्चा के फादर की संदिग्ध हालत में सडक हादसे में मौत का मामला हो।
जज से अभद्रता के बाद बार एसोसिएशन से निलंबित चल रहे थे
चार महीने पहले वे हाईकोर्ट के एक जज से अभद्रता के बाद बार एसोसिएशन से निलंबित चल रहे थे। उन पर क्रिमिनल केस भी चल रहा था। दो दिन बाद इस मामले की सुनवाई भी है। वकील के शव के पास से उनके बचपन के समय हाथ से बनी जन्म कुंडली मिली है। पुलिस को पता लगा है कि निलंबन के बाद से वे डिप्रेशन में थे। उनका इलाज भी चल रहा था। पुलिस ने शव को निगरानी में ले लिया है। शव का सोमवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
सुबह घर से निकले, ऑफिस नहीं पहुंचे थे
सुरेश अग्रवाल मूल रूप से थाटीपुर के रहने वाले थे। शहर के विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र के बलवंत नगर स्थित मनोहर एन्क्लेव के फ्लैट में कभी-कभार आते थे। यहां और कोई नहीं रहता। इंदरगंज में उनका ऑफिस है। रविवार की सुबह 9 बजे वे घर से निकले थे। अक्सर रविवार को अपने दफ्तर में जाकर बैठते थे, लेकिन आज ऑफिस नहीं पहुंचे। दिन भर घर से लापता थे। परिजन और वकील साथियों ने तलाश शुरू की तो पता लगा कि वे मनोहर एन्क्लेव वाले फ्लैट पर हैं। जब परिजन फ्लैट पर पहुंचे, तो उनका शव फांसी के फंदे पर मिला। विश्वविद्यालय थाना से पुलिस, फोरेंसिक एक्सपर्ट सीनियर साइंटिस्ट अखिलेश भार्गव ने घटनास्थल की जांच की।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *