स्टेशन पुनर्विकास कार्य ने बढ़ाई मुश्किलें, स्टेशन पर इंतजार के लिए भी जगह नहीं

ग्वालियर. एक तरफ ट्रेनों के रद्दे होने और देरी से चलने के कारण यात्रियों के पास कम विकल्प बचे है वहीं दूसरी तरफ स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्य के चलते मुसीबतें बढ गई है। इसका कारण है कि घंटों देरी से चलने वाली ट्रेनों का इंतजार करने के लिए यात्रियों को जगह भी नहीं मिल पा रही है। स्टेशन पर काम कर रही हैदराबाद की केपीसी इंफ्रा कंपनी काम तेजी से समेटने के बजाय अलग-अलग हिस्सों में तोडफोड करने में लगी हुई है। इसका नतीजा यह है कि यात्री सुविधाएं लगातार प्रभावित हो रही है तो वहीं सुरक्षा को भी खतरा उत्पन्न हो रहा है। स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक पर जहग-जगह खोदाई हो चुकी है जिसके कारण यात्रियों को खडे होने के लिए जगह कम पड रही है। झांसी एंड की तरफ तो छत पूरी तरह से गायब हो चुकी है। यही स्थिति प्लेटफॉर्म क्रमांक दो व तीन की है। यहां टीनशेड पूरी तरह से हटा दिए गए है। वर्तमान में वर्षा का मौसम होने के कारण जब बरसात होती है तब यात्रियों के लिए ज्यादा मुसीबत हो जाती है।
सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों के प्रवेश की दिक्कत
इसके अलावा स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक एक और चार की तरफ भी ओवरब्रिज के निर्माण के लिए जगह-जगह बेरीकेड्स लगाकर खोदाई कर दी गई है। इसका नतीजा यह है कि चार पहिया और दोपहिया वाहनों के प्रवेश की दिक्कत खड़ी हो गई है। शताब्दी, वंदे भारत, गतिमान और राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों के समय पर सर्कुलेटिंग एरिया में जाम के हालात बन जाते हैं। वहीं अब केपीसी कंपनी ने वाहन पार्किंग स्थल पर भी काम शुरू कर दिया है। इसके चलते वाहनों के खड़े होने में भी समस्या पैदा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *