SAF ग्राउंड पर आम लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित, 23 सितम्बर से फिजीकल टेस्ट होगा
ग्वालियर. एमपी पुलिस में आरक्षक भर्ती परीक्षा का फिजीकल 23 सितम्बर से प्रदेश के 10 सेंटर पर एक साथ होगा। ग्वालियर के अलावा यह फिजीकल टेस्ट मुरैना, इन्दौर, जबलपुर, भोपाल, सागर, उज्जैन, बालाघाट, रतलाम और रीवा में होने जा रहा है। पुलिस आरक्षक भर्ती शारीरिक परीक्षा से पहले मंगलवार को हुए ट्रायल में ग्वालियर के एसएएफ ग्राउण्ड पर ग्वालियर-चम्बल के युवाओं ने दमखम दिखाया है।
सामान्य वर्ग से भिंड के अभ्यार्थी महेन्द्र सिंह भदौरिया ने फिजीकल टेस्ट प्रैक्टिस में सभी को पीछे छोड़ दिया तो एससी-एसटी वर्ग से विशाल सिंह अब्वल रहे हैं। पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के सेकेण्ड राउंड फिजीकल टेस्ट के लिये एसएएफ मैदान पर तैयारियां जोरों पर चल रही है। यहां आम लोगों का आना अब प्रतिबंधित है।
अभ्यर्थियों को भर्ती से पहले उनका आंकलन कराने हुआ ट्रायल
ग्वालियर निगम एथलेटिक्स संघ के सचिव व कोच शिवम सिंह भदौरिया ने बताया कि यह ट्रायल कराने का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के फिजिकल टेस्ट में उनकी क्षमताओं का आंकलन कराना है। यह पूरे प्रदेश के लिए थी आज इसमें 464 उम्मीदवारों ने भाग लिया था। इससे युवाओं को अपनी तैयारियों को और मजबूत करने और कमियों पर काम करने का मौका मिलेगा।
उम्मीदवारों का कहना
एसएएफ मैदान पर फिजिकल का ट्रायल देने दतिया से आए अभ्यर्थी विपिन यादव ने बताया कि उनकी तैयारी पूरी है। मेरे लिखित परीक्षा में 78 नंबर आए हैं। अभी 800 मीटर की दौड़ को लगभग ढाई मिनट में पूरा कर लिया है। हाई जंप व गोला फेंक में भी सही औसत निकल रहा है। ट्रायल से अपनी क्षमता का आंकलन करने में मदद मिली है।
इस तरह होगा सिलेक्शन
पुलिस मुख्यालय की चयन भर्ती शाखा ने 12 अगस्त से 12 सितंबर 2023 तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में मप्र कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से लिखित परीक्षा कराई थी। लिखित परीक्षा के कुल 100 अंक निर्धारित हैं। इसका रिजल्ट 7 मार्च 2024 को जारी किया गया। अब 23 सितंबर से 9 नवंबर तक प्रदेश के ग्वालियर, मुरैना, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, सागर, उज्जैन, रीवा, बालाघाट व रतलाम में शारीरिक परीक्षा आयोजित होनी है।
इसमें भी 100 अंक निर्धारित किया गया है। 40 अंक दौड़ के और 30–30 अंक लंबी कूद व गोला फेंक के होंगे। शारीरिक परीक्षा के बाद मिले अंक और लिखित परीक्षा में मिले अंक को जोड़कर मेरिट तैयार होगी। इस मेरिट के आधार पर आरक्षक जीडी और आरक्षक रेडियो के कुल 7411 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हालांकि इसमें भी 13 प्रतिशत ओबीसी पदों को होल्ड पर रखा गया है।
