MP के सरकारी कर्मचारी-पेंशनर्स को आयुष्मान जैसी सुविधा, योजना का ड्राफ्ट तैयार

भोपाल. उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान सरकार की तरह मध्य प्रदेश सरकार भी सरकारी कर्मचारियों के लिए इलाज की आयुष्मान योजना जैसी स्कीम ला रही है। सरकार ने सका ड्राफ्ट तैयार कर लिया है। इसके अनुसार 5 लाख रुपए तक सामान्य और 10 लाख रुपए तक गंभीर बीमारियों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। योजना का लाभ लेने वाले कर्मचारियों से अंशदान लिया जाएगा। राशि उनके वेतन से काटी जाएगी। अंशदान 250 से लेकर 1 हजार तक हो सकता है। सामान्य प्रशासन विभाग ने ये प्रस्ताव वित्त विभाग को भेज दिया है। वित्त विभाग की मंजूरी मिलने के बाद प्रस्ताव कैबिनेट में रखा जाएगा।
क्या है योजना का ड्राफ्ट
प्रस्तावित ड्राफ्ट के मुताबिक, योजना का नाम मुख्यमंत्री आयुष्मान स्वास्थ्य बीमा योजना होगा। इसका लाभ प्रदेश के निगम-मंडल समेत राज्य सरकार के 15 लाख कर्मचारी, पेंशनर्स के परिवारों को मिलेगा। इस योजना में कर्मचारियों के वेतन से सालाना 3 हजार से लेकर 12 हजार रुपए अंशदान काटा जाएगा और शेष राशि सरकार जमा कराएगी। खास बात यह है कि कर्मचारियों और उनके परिवार को इलाज की कैशलेस सुविधा होगी।
योजना में कर्मचारियों के लिए सामान्य बीमारी में 5 लाख रुपए और गंभीर बीमारी में 10 लाख रुपए तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने का प्रावधान किया जा रहा है। जांच और इलाज के बाद शासकीय कर्मी अपने विभाग से रिफंड भी ले सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *