हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख बदली
नई दिल्ली. हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख चुनाव आयोग ने बदल दी है। 90 सीटों पर चुनाव 1 अक्टूबर की जगह अब 5 अक्टूबर को होंगे। रिजल्ट 8 अक्टूबर को आएगा। आयोग ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के भी नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित करने का ऐलान किया है। पहले दोनों राज्यों के नतीजे 4 अक्टूबर को आने वाले थे।
चुनाव आयोग ने कहा कि राजस्थान की ऑल इंडिया बिश्नोई महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हमसे तारीख बदलने की मांग की थी। उनका कहना था कि कई पीढियों से पंजाब, राजस्थान और हरियाणा के कई परिवार गुरू जम्भेश्वर की याद में बीकानेर जिले में असोज महीने की अमावस्या के दौरान पैतृक गांव मुकाम में सालाना उत्सव में भाग लेते हैं। इस साल यह उत्सव 2 अक्टूबर को पड रहा है। इसके चलते सिरसा, फतेहाबाद और हिसार के हजारों बिश्नोई परिवार मतदान के दिन राजस्थान की यात्रा करेंगे जिससे वे 1 अक्टूबर को वोट नहीं डाल पाएंगे।
