MP में बनेगा मिसाइल-जेट-रॉकेट लॉन्चर को एनर्जी देने वाला फ्यूल

ग्वालियर. मध्यप्रदेश से भी अब मिसाइल, जेट और रॉकेट लॉन्चर को एनर्जी मिलेगी। शिवपुरी में अडाणी ग्रुप 2500 करोड़ की लागत से डिफेंस यूनिट लगाने जा रहा है। इसमें विमानों में इस्तेमाल होने वाला प्रोपेलेंट (फ्यूल-केमिकल) बनाया जाएगा। प्रोपेलेंट एक तरह का फ्यूल होता है, जो एनर्जी जनरेट कर विमान को आगे बढ़ाने का काम करता है। इसे रक्षा और एविएशन से जुड़े सेक्टर में सप्लाई जाएगा। इस डिफेंस यूनिट से 5 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। ग्वालियर में बुधवार को हुई रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में अडाणी पोर्ट्स के एमडी करण अडाणी ने 3500 करोड़ इन्वेस्ट करने का प्रस्ताव रखा। इसमें गुना में 500 करोड़ की सीमेंट ग्राइडिंग यूनिट और बदरवास में 500 करोड़ की महिला बेस्ड जैकेट फैक्ट्री लगाने की बात कही। बदरवास में बनी जैकेट की दुनियाभर में सप्लाई होगी।
सभी मानकों पर ग्वालियर-चंबल में शिवपुरी बेस्ट
प्रोफेसर डीडी अग्रवाल कहते हैं, ‘प्रोपेलेंट प्रोडक्शन यूनिट के लिए कई चीजें देखी जाती हैं। सबसे बड़ी बात स्थानीय सरकार का समर्थन हो। इन सभी मानकों पर शिवपुरी ग्वालियर-चंबल में बेस्ट है। यहां केमिकल के रखरखाव में परेशानी नहीं आएगी। सप्लाई के लिए भी सरकार के मानक तय हैं। विदेशों में भी डिफेंस सेक्टर में ही निर्यात कर सकते हैं।
बीहड़ में रिलायंस ग्रुप लगाएगा बायो एनर्जी प्लांट
कॉन्क्लेव में रिलायंस ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट विवेक तनेजा ने भिंड से ग्वालियर के बीच बीहड़ में बायो एनर्जी के लिए संभावनाएं देखी हैं। सीएम डॉ. मोहन यादव ने उन्हें बीहड़ में प्रोजेक्ट लगाने के लिए जरूरत के मुताबिक जमीन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
8 हजार करोड़ निवेश के प्रस्ताव आए
ग्वालियर रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में कुल आठ हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनके जरिए 35 हजार से ज्यादा रोजगार जनरेट होंगे।
गुना-ग्वालियर, मुरैना-शिवपुरी में इंडस्ट्रियल पार्क
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने ग्वालियर-चंबल में चार नए औद्योगिक पार्क खोले जाने की घोषणा की। इसमें गुना के चेनपुरा में 333 हेक्टेयर, ग्वालियर के मोहना में 210 हेक्टेयर, मुरैना के मवई में 210 हेक्टेयर और शिवपुरी के गुरावल में 30.64 हेक्टेयर में औद्योगिक पार्क विकसित किए जाएंगे। साथ ही, मुरैना जिले के औद्योगिक क्षेत्र सीतापुर में पुलिस चौकी और औद्योगिक क्षेत्र बामोर में फायर स्टेशन खोलने की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *