हर घर तिरंगा अभियान -बैंड के साथ महाराज बाड़ा पर 13 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा
शहीदों के नाम होगा दीप प्रज्ज्वलन
ग्वालियर -संगीत की नगरी ग्वालियर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन जारी है। इस कड़ी में 13 अगस्त को सांध्यबेला में 6 बजे शहर का हृदय स्थल महाराज बाड़ा तिरंगा एवं बैंड की प्रस्तुति का साक्षी बनेगा।
इसके बाद महाराज बाड़ा पर शहीदों के नाम दीप प्रज्ज्वलन होगा। इस दिन दोपहर 2 बजे दीनदयाल पार्क में पारंपरिक खेलों का आयोजन होगा। कलेक्टर रुचिका चौहान ने शहरवासियों से इन कार्यक्रमों में बढ़चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
केन्द्रीय संचार व्यूरो द्वारा एमएलबी कॉलेज (महारानी लक्ष्मीबाई उत्कृष्ट महाविद्यालय) में स्वतंत्रता संग्राम और भारत के विभाजन की विभीषिका व एक पेड़ माँ के नाम अभियान पर प्रदर्शनी लगाई गई है। सोमवार से शुरू हुई यह प्रदर्शनी 14 अगस्त तक लगी रहेगी।
