ट्रेनी लेडी डॉक्टर का रेप फिर मर्डर, सुपरिटेंडेंट हटाये, कल रेजीडेंट डॉक्टरों की देश व्यापी हड़ताल

कोलकाता. आरजी मेडीकल कॉलेज और अस्पताल में ट्रेनी डॉक्टर के रेप और मर्डर का विरोध बढ़ता जा रहा है। पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग ने आरजी मेडीकल कॉलेज के सुपरिटेंडेंट को निलंबित कर दिया है। घटना सामने आने के तीसरे दिन भी रेजीडेंट डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन जारी है। उनका आरोप है कि इस मेडीकल कॉलेज की पूरी सुरक्षा एजेंसी में खामी है।
कोलकाता की घटना को लेकर दिल्ली में भी विरोध हो रहा है। रविवार 11 अगस्त को रेजीडेंट डॉक्टरों के संगठन फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसियेशन (FRODA) ने ऐलान किया है कि 12 अगस्त से पूरे देश में हड़ताल की जायेगी। ट्रेनी डॉक्टर की हत्या करने वाले आरोपी संजय रॉय ने 4 शादियां की थी। संजय के गलत बर्ताव की वजह 3 पत्नियां उसे छोड़ चुकी है। चौथी पत्नी की कैंसर के कारण पिछले साल मौत हो चुकी है।
9 अगस्त की सुबह आरजी मेडीकल कॉलेज और अस्पताल के सेमीनार हॉल में ट्रेनी डॉक्टर का शव मिला था। पुलिस ने संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने रेप और हत्या की बात कबूलकी। फिलहाल संजय 14 दिन की पुलिस हिरासत में है।
ट्रेनी डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट, आंख से खून बह रहा था, 7 पॉइंट में समझिए पूरा घटनाक्रम
31 साल की ट्रेनी डॉक्टर रात को 2 बजे अपने 2 जूनियर्स के साथ डिनर करने के बाद हॉस्पिटल के सेमिनार हॉल गई थी। सुबह 6 बजे उसकी अर्धनग्न बॉडी मिली।
पुलिस ने बताया ट्रेनी डॉक्टर का रेप के बाद मर्डर किया गया। घटना सुबह 3 बजे से 6 बजे के बीच हुई। CCTV में आरोपी संजय 4 बजे सेमिनार हॉल में जाते दिखा।
अटॉप्सी रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेनी डॉक्टर के प्राइवेट पार्ट, आंखों और मुंह से खून बह रहा था। चेहरे और नाखून पर चोट के निशान थे।
उसके पेट, बाएं पैर, गर्दन, दाहिने हाथ और होठों पर भी चोट के निशान थे। उसकी गर्दन की हड्डी भी टूटी हुई पाई गई थी।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के सेक्शन 103 (1) हत्या और सेक्शन 64 (बलात्कार) के तहत केस दर्ज किया और माना कि यह रेप और हत्या का मामला है।
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है। हॉस्पिटल मैनेजमेंट ने भी 3 मेंबर्स का जांच पैनल बनाया है।
घटना के बाद मेडिकल स्टूडेंट्स, भाजपा, कांग्रेस और वाम दलों ने अस्पताल के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी ने CBI जांच की मांग की है।
डॉक्टर एसोसिएशन की 12 अगस्त को देशव्यापी हड़ताल
रेजिडेंट डॉक्टरों के संगठन फेडरेशन ऑफ आल इंडिया रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FRODA) ने कोलकाता की घटना के विरोध में 12 अगस्त को देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। एसोसिएशन ने आज और कल भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को लिखा। इसमें 12 अगस्त को देशव्यापी हड़ताल और अस्पतालों में इलेक्टिव सर्विस (इमरजेंसी सर्विस शामिल नहीं) बंद रखने का ऐलान किया है।
