हर घर तिरंगा अभियान और स्वतंत्रता दिवस को जन उत्सव के रूप में मनाया जाए – मुख्यमंत्री
ग्वालियर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान और स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को जन उत्सव के रूप में मनाया जाए। यह सुनिश्चित करें कि किसी भी वार्ड या ग्राम में तिरंगे झंडों की कमी ना हो, शत-प्रतिशत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्व-सहायता समूहों के माध्यम से व्यवस्था की जाए। प्रदेश में रक्षाबंधन और जन्माष्टमी का पर्व सामाजिक समरसता के भाव के साथ उत्साह और उल्लास से मनाया जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश में जारी वर्षा को देखते हुए सावधानियां बरतने और आवश्यक निगरानी व मॉनिटरिंग के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव भोपाल स्थित समत्व भवन से प्रदेश स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को संबोधित कर रहे थे। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, मुख्य सचिव श्रीमती वीरा राणा, अपर मुख्य सचिव तथा प्रमुख सचिव उपस्थित थे।
78वें स्वतंत्रता दिवस पर इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर मैं 78 फीट लंबा तिरंगा लहराया जाए
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत देशभक्ति की भावना पर केंद्रित तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैली, तिरंगा मैराथन, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, तिरंगा कैनवास, तिरंगा सेल्फि और तिरंगा मेले जैसी गतिविधियां जनभागीदारी से संचालित की जाएंगी। हर घर पर तिरंगा लगाने, तिरंगे के साथ डीपी लगाने के साथ ही वेबसाइटों पर तिरंगा बैनर लगाने की गतिविधियों को जन अभियान बनाया जाएगा। देश के 78वें स्वतंत्रता दिवस पर इंदौर, भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर मैं 78 फीट लंबा तिरंगा लहराया जाए। 10 अगस्त को होने वाले स्व- सहायता समूह सम्मेलन और लाड़ली बहनों के रक्षाबंधन कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधि शामिल हों। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को शासकीय हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अतः राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सभी वार्ड और पंचायत में प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के पश्चात 11 अगस्त से प्रदेश में घर-घर झंडा अभियान की गतिविधियां आरंभ की जाए।
पुलिस बैंड को जोड़ते हुए तिरंगा यात्राएं निकाली जाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संकल्पना है कि 15 अगस्त और 26 जनवरी केवल एक दिन के कर्मकांड के रूप में ना मनाई जाए। यह दिवस लंबी गुलामी के बाद मिली स्वतंत्रता के प्रतीक हैं। इन पर्वों के समान ही हर घर झंडा अभियान की गतिविधियों का संचालन पूर्ण गरिमा के साथ किया जाए। जिला स्तर पर उपलब्ध पुलिस बैंड को कार्यक्रमों से जोड़ते हुए तिरंगा यात्राएं निकाली जाए। जिलों में स्थित शहीद स्मारकों, स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े स्थलों पर विशेष रूप से तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाए।

