किराये के कमरे में नकली नोट छापने वाले दो आरोपियों कब्जे से 50 से 500 के नकली नोट किये बरामद

ग्वालियर- थाना जनकगंज क्षेत्रान्तर्गत जागृति नगर स्थित एक मकान में कुछ लोगों द्वारा नकली नोट छापे जा रहे हैं। उक्त सूचना पर पुलिस अधीक्षक को क्राईम ब्रांच की टीम बनाकर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया।
क्राईम ब्रांच की टीम द्वारा जागृति नगर स्थित एक मकान में सूचना की तस्दीक की और नकली नोट छापने वालों को पकड़ने के लिये रैकी की गई। जिस पर से क्राईम ब्रांच द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और रविवार को देर रात क्राईम ब्रांच टीम द्वारा मुखबिर के बताये अनुसार जागृति नगर स्थित मकान में छापा डाला। क्राईम ब्रांच टीम द्वारा जब कमरे में जाकर देखा तो दो लोग वहां मौजूद मिले और वहां पर नकली नोट छापने के काम में आने वाली सामग्री जिसमें कलर प्रिंटर, इंक, बटर पेपर, सहित अन्य सामान तथा 50,100,200 एवं 500 के नकली नोट मिले।
क्राईम ब्रांच टीम द्वारा मौके पर मिले दोनों व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की गई तो उन्होने अपना नाम अंसार अली पुत्र फुंदन अली उम्र 27 साल निवासी ग्राम ऐंतार थाना पावई जिला भिण्ड हाल अतुल वर्मा का मकान जागृति नगर लक्ष्मीगंज जिला ग्वालियर एवं अशोक माहौर पुत्र सीताराम माहौर उम्र 36 साल निवासी ददरौआ जिला भिण्ड हाल त्रिलोक कुशवाह का मकान जागृति नगर लक्ष्मीगंज जिला ग्वालियर बताया। पुलिस टीम द्वारा की गई पूछताछ में पकड़े गये आरोपियों ने बताया कि उनके द्वारा लगभग एक माह पूर्व ही किराये पर कमरा लिया गया है और तब से ही वह 50,100,200 एवं 500 के नकली नोट छापकर बाजार में खपाने का काम कर रहे हैं। प्रारम्भिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके द्वारा हाल ही में लगभग दो लाख रूपये के नकली नोट की एक खेप को अशोकनगर भेजा गया था तथा दूसरी खेप को गुना भेजने की तैयारी थी। पुलिस टीम द्वारा उनसे अभी तक छापे गये नकली नोट तथा उनके अन्य साथियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *