पीडब्लूडी का इंजीनियर ₹10 लाख की रिश्वत लेते पकड़ाया
नर्मदापुरम. लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) के अधीक्षण यंत्री (सुपरविजन इंजीनियर) आरसी तिरोले को लोकायुक्त ने 10 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा है। बैतूल जिले के मुलताई और भैंसदेही में आठ सड़कों के निर्माण के लिए इंजीनियर ने ठेकेदार से 20 लाख रुपए की घूस मांगी थी। इसकी शिकायत ठेकेदार ने पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त कार्यालय भोपाल में की। इंजीनियर को ट्रैप करने का प्लान बनाया गया। रविवार का दिन रिश्वत देने के लिए तय हुआ।
ठेकेदार ने 10 लाख रुपए दिए, ठीक तभी लोकायुक्त डीएसपी अनिल बाजपेयी ने टीम के साथ इंजीनियर के बंगले पर छापा डाल दिया। लोकायुक्त डीएसपी अनिल बाजपेयी ने बताया कि एसई तिरोले ने 20 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी। 12 लाख रुपए में डील हुई। आज 10 लाख रुपए लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा। लोकायुक्त टीम बंगले पर सर्च कर रही है। टीम को और भी रुपए रखे होने की आशंका है।
