महिला कांग्रेस की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष बोली जूते मारकर इसे बाहर निकालो, इस पर प्रदेश महामंत्री बोली पिता की बेटी है तो मारिये जूते
भोपाल. प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में मंगलवार को फर्जी नियुक्तियों की बात पर जमकर हंगामा हुआ। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लाम्बा और प्रदेश महामंत्री मधुशर्मा के बीच तीखी बहस हुई। झगड़ा इतना बढ़ा कि अलका लाम्बा ने मधु शर्मा को जूता मारकर बाहर करने की बात कह दी। इस पर मधु शर्मा बाहर निकली। कहा -अपने पिता की बेटली हैं तो मारिये जूते।
अलका लाम्बा पीसीसी में महिला कांग्रेस की प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों की बैठक ले रही थी। परिचय के बीच 58 महिला पदाधिकारियों में सिर्फ 19 मौजूद थी। इस पर प्रदेश महामंत्री मधु शर्मा बोली- इसमें हमारा नाम तो है ही नही। इस पर बात जूता मारने तक पहुंची, कार्यकर्त्ताओं ने उन्हें शांत कराया, नायक ने मधु शर्मा को सांत्वना दी तो वह फूट-फूट कर रोने लगी।
तू-तू-मैं-मैं
विभा पटेल – आप थोड़ी देर शांत रहिए। इस पर बाद में बात करेंगे।
मधु शर्मा – हमें आपने ही महामंत्री का नियुक्ति पत्र दिया था, दो साल से पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है, वह काम कर रहे हैं। फिर सूची में हमारा नाम क्यों नहीं हैं?
अलका लांबा – यहां बहुत फर्जी पद दे रखे हैं, आपका नाम नहीं है, बाहर जाइए।
मधु शर्मा – जब फर्जी नियुक्ति है तो बुलाया ही क्यों? हम क्या जूता खाने यहां आए हैं?
अलका लांबा – आप जूता खाने लायक ही हैं, इन्हें जूते मारकर बाहर निकाल दीजिए।
मधु शर्मा – आप अपने पिता की ही बेटी हैं तो मार कर दिखाएं जूता। एक ब्राह्मण को और विंध्य की बेटी को आप दिखाइए जूता मारकर।
विभा पटेल – आप चुप हो जाइए।
अलका लांबा – निकालिए इन्हें बाहर। पार्टी से भी बाहर करिए ऐसे लोगों को।
मधु शर्मा – हम जो बोलते हैं तो सुनना पड़ेगा आपको, लेकिन आप गाली देंगी तो कोई नहीं सुनेगा। आप पार्टी की मालिक हैं तो निकालकर दिखाइए। किसी में इतनी हिम्मत नहीं है कि हमें जूता मार सके। जाउंगी तो मैं खुद अपनी मर्जी से। किसी में निकालने की दम नहीं है।
‘मैं अर्जुन सिंह के जमाने से, ये तो आज आई हैं…’
मधु शर्मा ने मीडिया से कहा, ‘मैं दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष रही हूं। अर्जुन सिंह के जमाने से कांग्रेस में हूं। सीनियर हूं। ये (अलका लांबा) तो आज आई हैं। दस बार आप पार्टी में गई, यहां गईं, वहां गईं। इनका तरीका ठीक नहीं, अव्यावहारिक महिला हैं।’ वहीं मधु शर्मा के आरोपों पर अलका लांबा जवाब देने से बचती नजर आईं।
