पार्षद बोली-केदारपुर में सामुदायिक भवन बाउंड्रीवॉल नगरनिगम करा रहा है मेरा कोई सरोकार नहीं, मेरी मानहानि हुई जबाव मांगूगी
ग्वालियर शिवपुरी लिंक रोड स्थित केदारपुर की सरकारी जमीन पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराने पर एक कांग्रेस पार्षद को तहसीलदार सिटीसेंटर ने नोटिस जारी किया है। वार्ड नम्बर 59 के कांग्रेस पार्षद सरोज हैवरन सिंह कंसाना एवं भूपेन्द्रसिंह कंसाना को भी नोटिस जारी कर पूछा गया है कि आपने सरकारी जमीन पर कैसे निर्माण कराया है। जबकि पार्षद का दावा है कि निर्माण कार्य नगरनिगम करवा रहा है। इससे हमारा कोई सरोकार नहीं है। इस पर उसको 15 जुलाई को तहसीलदार न्यायालय सिटीसेंटर तलब किया गया है।
धारा 248 के तहत नोटिस दिया
सिटीसेंटर तहसील के तहसीलदार अनिल रावघ ने मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 की धारा 248 के तहत नोटिस जारी किया गया है। इसमें खसरा नम्बर 137 नोइयत शासकीय ग्राम केदारपुर हल्का पटवारी तहसील सिटीसेंटर की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण को लेकर दिया गया है। यहां बाउंड्रीवॉल का निर्माण होना बताया जा रहा है। नोटिस सरोज कंसाना पत्नी हैवरन सिंह कंसाना और भूपेन्द्र सिंह कंसाना के नाम से जारी किये गये है। जिसमें दोनों को 15 जुलाई को सुबह 11 बजे तहसीलदार न्यायालय में उपस्थित होने के लिये कहा गया है।
शिकायत आई थी सरकारी भमि पर कब्जा कर रहे
तहसीलदार अनिल राघव ने बताया है कि मेरे पास शिकायत आयी थी कि पार्षद के द्वारा सरकारी जमीन पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया जा रहा है। इस संबंध में जारी कर 15 जुलाई को 11 बजे तहसीलदार न्यायालय में उपस्थित होने के लिये कहा है।
सामुदायिक भवन की बाउंड्रीवॉल नगरनिगम करा रहा है
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के मामले में नोटिस पर सरोज हैवरनसिंह कंसाना ने कहा है कि सामुदायिक भवन नगरनिगम ने बनाया है, पूर्वमंत्री मायासिंह ने इसका वर्ष 2016 में लोकार्पण किया था। जिसकी बाउंड्रीवाल का निर्माण नगरनिगम की राशि से बाकायदा टेण्डर निकालकर किया जा रहा है। इसकी विज्ञप्ति भी जारी हुई थी। तहसीलदार को पता ही नहीं है कि निर्माण किसके द्वारा किया जा रहा है। हमने वार्ड 59 में शासकीय सर्वे नम्बर पर हो रहे अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों की शिकायत की थी उस पर कोई कार्यवाही नहीं की गयी है और निगम का वैध काम हो रहा है तो उसमें हमें नोटिस दिया जा रहा है, मैं 15 जुलाई को तहसीलदार कोर्ट में अपनी बात रखूंगा और मेरी जो मानहानि हुई है उस पर जवाब मांगूगा।
