जेएएच समूह की एमआरडीयू में होगी साइंटिस्ट व पैरामेडीकल स्टाफ की भर्ती
ग्वालियर – जयारोग्य चिकित्सालय समूह की मल्टी रिसर्च डिस्प्लिनरी यूनिट (MRDU) में साइंटिस्ट व पैरामेडीकल स्टाफ की भर्ती की जायेगी। जल्द ही विज्ञापन निकालकर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जायेगी। इस आशय का निर्णय कलेक्टर रुचिका चौहान की मौजूदगी एवं संचालक नर्सिंग सह चिकित्सा डॉ. भूपेन्द्र शुक्ला की अध्यक्षता में आयोजित हुई गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय की कार्यकारिणी समिति की 60वी बैठक में लिया गया। साथ ही जयारोग्य चिकित्सालय समूह में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं चिकित्सा महाविद्यालय व विद्यार्थियों के हित में भी कार्यकारिणी समिति की बैठक में अहम निर्णय लिए गए।
गजराराजा चिकित्सा महाविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. के पी रंजन ने बताया कि कार्यकारिणी समिति की बैठक में मेडीकल कॉलेज एवं अस्पताल के सभी मुद्दों, पूर्व में पारित बजट एवं विद्यार्थियों, महाविद्यालय व अस्पताल के उन्नयन से संबंधित सभी प्रकार के विषयों पर चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न प्रस्तावों को शासन के प्रावधानों के तहत स्वीकृति दी गई। कार्यकारिणी समिति की बैठक से पहले संचालक नर्सिंग सह चिकित्सा डॉ. जितेन्द्र शुक्ला ने हजार बिस्तर अस्पताल एवं सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल का निरीक्षण भी किया।
