कश्मीर में पत्थरबाजी बंद होने से परेशान पाकिस्तान जम्मू में करा रहा आतंकी हमला
जम्मू कश्मीर. कठुआ जिले में सोमवार को हुए आतंकी हमले में एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (जेसीओ) समेत पांच जवान शहीद हो गए। इस मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के पूर्व डीजीपी एस.पी. वैद ने बड़ा दावा किया है। डीजीपी वैद ने कहा, “यह दुखद घटना है। कठुआ क्षेत्र एक शांतिपूर्वक इलाका है। बिलावर माचेडी इलाके में घात लगाकर किए गए हमले में हमारे पांच जवान शहीद हो गए। वहां ऐसी घटना बहुत सालों बाद हुई है। जो भी आतंकी ग्रुप हैं, उन्हें जल्द से जल्द खत्म करने की जरूरत है इससे पहले कि वह कोई और नुकसान कर बैठे।
साजिश कर जम्मू रीजन को टारगेट किया
उन्होंने कहा, “राजनेताओं के बयान बदलते रहते हैं। अच्छी बात है कि डॉक्टर फारूक अब्दुल्ला पाकिस्तान को इसके लिए जिम्मेदार मानते हैं। शांति का प्रवचन दे रहे हैं। पिछले दो तीन वर्षों से सोची समझी साजिश कर जम्मू रीजन को टारगेट किया जा रहा है।
पत्थरबाजी बंद होने से पाकिस्तान परेशान
डीजीपी वैद ने कहा, पत्थरबाजी बंद हुई तो पाकिस्तान ने देखा कि जम्मू रीजन को डिस्टर्ब किया जाए। कश्मीर की तुलना में जम्मू में कनेक्टिविटी कम है और फोर्सेज को पहुंचने में ज्यादा समय लगता है। इस नीयत से जम्मू रीजन को टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा, “पाकिस्तान इस तरह की हरकत कर रहा है जिससे कि ये नैरेटिव फैले कि यहां हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है।
