ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर जहां समस्याएं ज्यादा वहां रेलवे के जीएम को लेकर ही नहीं गए अधिकारी

ग्वालियर. रेलवे स्टेशन पुनर्विकास परियोजना के कारण भले ही स्टेशन पर अव्यवस्थाएं व्याप्त हैं, लेकिन शनिवार को उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) के निरीक्षण में स्थानीय अधिकारी इन दिक्कतों को छुपाने में सफल हो गए। वे महाप्रबंधक को सिर्फ उन्हीं स्थानों पर निरीक्षण के लिए ले गए, जहां हालात ठीक थे। स्थानीय अधिकारी रेलवे महाप्रबंधक को सिर्फ प्लेटफार्म क्रमांक चार और एक पर ही निरीक्षण के लिए ले गए। हालांकि इस दौरान उन्होंने प्लेटफार्म क्रमांक चार की ओर हरियाली का प्रविधान कम होने पर नाराजगी जताते हुए ग्रीन जोन बनाने के निर्देश दिए। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा आरए कोच से सुबह के समय स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक तीन पर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने निरीक्षण की शुरूआत की। वे अधिकारियों से बोले कि बारिश के मौसम में स्टेशन पर काम चल रहा है, इसलिए सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी यात्री को परेशानी नहीं होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान डीआरएम दीपक सिन्हा सीनियर डीसीएम अमन वर्मा, पीआरओ मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद थे। ग्वालियर से झांसी के बीच जीएम ने विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया, फिर झांसी में अफसरों की बैठक ली।
बार-बार ट्रिप हुई एमसीबी, खुद हटाया सोफा
स्टेशन के वीआइपी रूम के अंदर जीएम को बड़ी स्क्रीन पर प्रेजेंटेशन दिखाया गया। इस दौरान आधा दर्जन बार कमरे की एमसीबी ट्रिप होने से लाइट गुल हो गई। ऐसे में जीएम और डीआरएम खुद ही सोफा और टेबल खिसकाते नजर आए।
जीएम बोले-मार्च 2025 तक पूरा हो जाएगा निर्माण
जीएम ने चर्चा के दौरान कहा कि रेलवे स्टेशन का निर्माण कार्य मार्च 2025 तक पूरा हो जाएगा, लेकिन सवाल पूछने पर वह यह जवाब नहीं दे पाए कि अब तक कितना काम पूरा हो चुका है। हकीकत यह है कि अभी तक हैदराबाद की केपीसी इंफ्रा कंपनी 35 प्रतिशत काम पूरा नहीं कर पाई है। ऐसे में आगामी मार्च माह तक यह काम पूरा होगा, इस पर संशय की स्थिति है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *