शहर की 24 घंटे के अंदर खराब हो रही एलईडी लाइटें, शिकायत करने पर भी सुनवाई नहीं
ग्वालियर. शहर की एलईडी लाइटों को सुधारकर चालू करने का 20 करोड में ठेका लेने वाली एचपीएल कंपनी की लापरवाही व स्मार्ट सिटी के अफसरों द्वारा ध्यान नहीं देने से शहर के कई स्थानों पर अंधेरा पडा हुआ है। इसको लेकर पार्षद अब स्मार्ट सिटी कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रर्दशन की तैयारी में है जबकि स्मार्ट सिटी सीईओ, निगम आयुक्त व सांसद भारत सिंह की सख्त चेतावनी के बाद भी न तो अधीक्षण यंत्री सुबोध खरे व उनकी टीम सहीं ढंग से कार्य कर रही है और न ही कंपनी के संजय सिंह व उनकी टीम कार्य में सुधार कर रही है।
मॉनीटरिंग के लिए लगाई गई टीमें भी नहीं दे रही ध्यान
खास बात यह है कि निगम द्वारा मॉनीटरिंग के लिए लगाई गई टीमें भी इस पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। यही कारण है कि कंपनी द्वारा जिन लाइटों को सही किया जा रहा है वह 24 घंटे के अंदर ही खराब हो रही है। वहीं आमजन व पार्षछों द्वारा शिकायत करने पर भी कर्मचारी मौके पर दो से तीन दिन बाद लाइट को सही करने के लिए पहुंच रहे है।
खास बात यह है कि शिकायत करने के लिए जारी किए गए टोल फ्री नंबर भी 24 घंटे चालू न रहते हुए सुबह 8 से शाम 5 बजे तक ही चालू रहता है और अवकाश वाले दिन बंद। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि स्मार्ट सिटी के इंजीनियर व अफसर किस तरह से एलईडी लाइटों को सही करने का कार्य रहे है। वहीं लाइटें खराब होने से पार्षदों के साथ अब आमजन भी निगम मुख्यालय तो कभी स्मार्ट सिटी कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं।
