राष्ट्रपति ने अभिभाषण में किया इमरजेंसी और पेपर लीक का जिक्र
नई दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई और बताया कि अगले पांच साल में सरकार का फोकस कहां रहेगा। जानकारी के अनुसार अपने संबोधन के दौरान राष्ट्रपति ने इमरजेंसी का जिक्र भी किया। आगे कहा कि इमरजेंसी संविधान पर सबसे बडा हमला था और 1975 में पूरे देश में हाहाकार की स्थिति थी।
इस दौरान विपक्ष ने हंगामा भी किया। वहीं राष्ट्रपति के संबोधन में पेपर लीक का भी जिक्र हुआ। उन्होंने बताया कि सरकार पेपर लीक रोकने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जा रही है और सख्त कानून भी लाया जा रहा है। इससे पहले राष्ट्रपति संसद भवन पहुंची जहां उन्हें सलामी दी गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके बाद सभी ने संसद में प्रवेश किया। इस दौरान राजदंड के रूप में संसद में स्थापित सेंगोल को भी लेकर आगे-आगे चला गया।
राष्ट्रपति के संबोधन की बड़ी बातें
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, ये दुनिया का सबसे बड़ा चुनाव था। करीब 64 करोड़ मतदाताओं ने उत्साह और उमंग के साथ अपना कर्तव्य निभाया है। इस बार भी महिलाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। इस चुनाव की बहुत सुखद तस्वीर जम्मू-कश्मीर से भी सामने आई है। कश्मीर घाटी में वोटिंग के अनेक दशकों के रिकॉर्ड टूटे हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा, मेरी सरकार अर्थव्यवस्था के तीनों स्तंभों – विनिर्माण, सेवाएं और कृषि को बराबर महत्व दे रही है। बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। पारंपरिक सेक्टर के साथ-साथ सनराइज सेक्टर को भी मिशन मोड पर बढ़ावा दिया जा रहा है।
