ग्वालियर में लॉ के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
ग्वालियर. उत्तर प्रदेश से कानून की पढाई करने के लिए ग्वालिया आए 24 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह शहर के बहोडापुर इलाके में किराये से कमरा लेकर रह रहा था। मरने से पहले उसने वॉट्सएप ग्रुप पर लिखा था कि मेरा कमरा साफ करने कल आना पडेगा। इसके अलावा कमरे से 15 पर्चियां भी बरामद हुई। इसमें उसने स्वजन और दोस्तों से माफी मांगी है लेकिन अब तक आत्महत्या की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह जरूर पता लगा है कि फोन पर वह काफी देर बात करता था। इसके लिए पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है।
उप्र के बदायू के रहने वाले प्रोफेसर मुन्नालाल शर्मा का छोटा बेटा ध्रुव शर्मा ग्वालियर से एलएलबी कर रहा था। वह नई सडक स्थित माधव लॉ कॉलेज से पढाई कर रहा था। वह शहर में बहोडापुर इलाके में किराये से रहता था। मुन्नालाल की पत्नी स्वास्थ्य विभाग में काम करती है जबकि बडा बेटा निजी कंपनी में नौकरी करता है। बीती रात उनके बेटे धु्रव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर पहले उसने दोस्तों के वाॅट्सएप ग्रुप में मैसेज लिखा था- कल मेरा कमरा साफ करना पड़ेगा। यह मैसेज देखकर दोस्तों को असहज लगा। इसके बाद उसे फोन किया तो काॅल रिसीव नहीं हुआ। फिर सीधे यह लोग उसके कमरे पर पहुंच गए। कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन जवाब नहीं आया। अंदर से भजन चलने की आवाज आ रही थी। उसके दोस्तों ने उसके पिता को फोन किया। मुन्नालाल को जब सूचना मिली तो उन्होंने ग्वालियर में रहने वाले अपने परिचित अरुण शर्मा को फोन किया।
अरुण अपने बेटे के साथ यहां पहुंचे। कार की छत पर चढ़कर बालकनी में पहुंचे और अंदर झांका तो वह फांसी के फंदे पर लटका मिला। फिर पुलिस और मृतक के स्वजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही यह लोग ग्वालियर आ गए। शव को नीचे उतारा गया। जब पुलिस ने कमरे की तलाशी ली तो इसमें पर्चियां मिली हैं। इसमें उसने अपने माता-पिता के लिए लिखा- अच्छा बेटा नहीं बन पाया। दोस्तों से माफी मांगी। पुलिस ने मोबाइल जब्त कर लिया है।
