पुलिस की नजरों से ओझल हैं कुख्यात सटोरिया मोनू डबरा, पुलिस को नजर नहीं आ रहा है
ग्वालियर. करोड़ों रूपये की धोखाधड़ी के मामले में संलिप्त कुख्यात सटोरिया मोनू डबरा शायद मिस्ट इंडिया बन गया है जो पुलिस को नजर ही नहीं आता है। यही कारण है कि क्षेत्र में लगातार एक्टिव रहने के बावजूद पुलिस अधिकारी बोल रहे हैं कि वह तो साल 2021 से ही शहर छोड़ गया है।
यहां पर आपको बता दें कि दालबाजार के हुंडी कारोबारी आशु गुप्ता व उसके पिता द्वारा लगभग 70 करोड रूपये का गबन किया गया है। उसके शिकार बने व्यापारियों द्वारा कोतवाली में दर्ज करवाई गयी शिकायत के बाद जनवरी 2022 में पुलिस ने उसे दबोचकर पूछताछ की तो उसने बताया था कि उक्त रकम में से लगभग 11.50 करोड़ रूपये वह एमसीएक्स व्यापार की आड़ में सट्टा चलाने वाले मोनू डबरा के यहां ऑनलाइन आईपीएल सट्टे मेंगंवा चुका है। जिसके बाद पुलिस ने मोनू डबरा के सहयोगी व गुना के सटोरिये आशीष जैन और भोपाल के सट्टेबाज दिलीप सिंधी को गिरफ्तार किया गया था। लेकिन शातिर मोनू डबरा उर्फ मोनू गुप्ता अपने राजनीतिक संबंधों की आड़ में बच निकला था। हालांकि पुलिस द्वारा उसे भी धारा 420 व 120बी में आरोपी बनाया गया था। किन्तु इतने बड़ी ठगी में संलिप्तता खुलासा होने के बावजूद उससे पूछताछ तक नहीं की जा सकीं।
आशु से मिलने जेल गया था मोनू
पुलिस द्वारा हुण्डी कांड के मुख्य आरोपी आशु गुप्ता को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया गया था। जेल से जुड़े सूत्रों की मांनें तो वहां मोनू डबरा भी उससे मुलाकात करने पहुंचा था। हांलाकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन यदि पुलिस चाहे तो जेल का रिकॉर्ड व वहां लगे सीसीटीवी कैमरों के CCTV फुटेज से इसकी पुष्टि कर सकते हैं।
ठण्डे बस्ते में सीआईडी ने डाला मामला
करोड़ों रूपये के हुण्डी घोटाले में करोड़ों रूपये फंसाये बैठे व्यापारियों को जब इसमें मोनू डबरा की संलिप्तता का पता लगा तो उन्होंने पुलिस की कार्यवाही संदेह जताते हुए इसकी जांच सीआईडी से करवाने की मांग कर डाली, क्योंकि वह जानते हैं कि मोनू चांदी की चमक व राजनीतिक पकड़ के माध्यम से साफ बच निकलेगा और उनका पैसा रिकवर नहीं हो सकेगा। व्यापारियों की मांग पर मामला सीआईडी के सुपुर्द कर दिया गया। लेकिन उसने भी जांच के नाम पर फिलहाल इसे ठण्डे बस्ते में डाल रखा है।
