POK में पाकिस्तान तैनात करेगा अर्धसैनिक बल, ये है नापाक वजह
जम्मू कश्मीर. पाकिस्तान की संघीय सरकार ने पीओके में अर्धसैनिक बल (फ्रंटियर कांस्टेबुलरी) की 6 टुकडियों की तैनाती को मंजूरी दे दी। यह टुकडियां तीन महीने के लिए तैनात की जाएंगी। पीओके में फ्रंटियर कांस्टेबुलरी को तैनात करने का फैसला तब किया गया है जब एक दिन पहले ही पाकिस्तान ने आतंकवाद के खिलाफ एक बडा नया अभियान शुरू करने का एलान किया था। इस अभियान को अज्म-ए-इस्तेहकाम (मजबूत प्रतिबद्धता) नाम दिया गया है। पीओके में तैनात इन टुकडियों का काम पुलिस की मदद के अलावा नीलम-झेलम, मंगला और गुलपुर पनबिजली परियोजनाओं के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रदान करना होगा।
पाक रेंजर्स ने किया था पिछले माह प्रदर्शनों का दमन
गौरतलब है कि पीओके में पिछले महीने ही महंगाई औऱ बिजली की बढ़ी हुई कीमतों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए थे। चार दिवसीय विरोध प्रदर्शन के दौरान एक पुलिसकर्मी सहित कई लोगों की मौत हो गई थी और दर्जनों घायल हो गए थे। प्रदर्शन और बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति के चलते पीओके सरकार को स्थिति नियंत्रण में करने के लिए पाकिस्तान रेजंर्स को बुलाना पड़ा था। इन प्रदर्शनों का नेतृत्व जम्मू-कश्मीर ज्वाइंट अवामी एक्शन कमेटी (जेएएसी) ने किया। अधिकांश हिस्सों में प्रदर्शन करने वालों में व्यापारी सबसे आगे थे।
