भर्तृहरि महताब बने प्रोटेम स्पीकर, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिलाई शपथ
नई दिल्ली. आज से 18वीं संसद का सत्र शुरू होने वाला है। बतौर सांसद पहले PM मोदी का शपथग्रहण होगा इसके बाद लोकसभा में आज (24 जून) 280 सांसद शपथ लेंगे। 25 जून यानी कल 264 सांसद शपथ लेंगे। सभी सांसदों को प्रोटेम स्पीकर भर्तृहरि महताब शपथ दिलाएंगे। असम के सांसदों के साथ प्रक्रिया की शुरुआत होगी और आखिर में बंगाल के सांसद शपथ लेंगे। इसके बाद 26 जून को स्पीकर का चुनाव होगा और 27 को राष्ट्रपति दोनों सदनों को संबोधित करेंगी। आखिर में 2 जुलाई को पीएम मोदी लोकसभा में और 3 जुलाई को राज्यसभा में भाषण देंगे।
26 जुलाई को होगा लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव
लोकसभा अध्यक्ष के लिए चुनाव 26 जून को होगा। इसके बाद 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सदन के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगी। वहीं 28 जून से राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी। दो अथवा तीन जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी धन्यवाद प्रस्ताव पर बोल सकते हैं।
प्रधानमंत्री भी लेंगे शपथ
प्रोटेम स्पीकर द्वारा सबसे पहले पीएम मोदी को शपथ दिलाई जाएगी इसके बाद मंत्री परिषद के सदस्य सांसद पद की शपथ लेंगे। वहीं यह प्रक्रिया हो जाने के बाद सदन के अन्य सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी।
प्रोटेम स्पीकर को लेकर विवाद
गौरतलब है कि विपक्ष सत्ता पक्ष के सदस्य को प्रोटेम स्पीकर बनाने का विरोध कर रहा है। विपक्ष का कहना है कि सदन में कई अन्य भी वरिष्ठ सदस्य थे जिन्हें नियमों के तहत प्रोटेम स्पीकर बनाया जाना चाहिए था। सूत्रों के हवाले से बताया कि इसी नाराजगी के चलते सांसदों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान प्रोटेम स्पीकर की सहायता के लिए I.N.D.I.A. ब्लॉक के सांसद स्पीकर की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे।
