गड़बड़ाई सिक्योरिटी डिपाजिट ब्याज की गणना, उपभोक्ताओं पर पहुंचे अधिक बिल
ग्वालियर. मध्य प्रदेश के कई जिलों में बिजली के बिल पर सिक्युरिटी डिपॉजिट पर मिलने वाला ब्याज उपभोक्ताओं को झटका दे रहा है। जून माह के बिल में ब्याज की राशि जुडकर आने से उपभोक्ता परेशान है। वे शिकायत लेकर बिजली अफसरों तक पहुंच रहे है लेकिन अफसर उनकी समस्या का समाधान नहीं कर पा रहे है। दरअसल यह गडबडी भोपाल में बिल जनरेट होने के दौरान हुई है। विद्युत वितरण कंपनी की आईटी सेल ने माना है कि इस कुछ बिलों में तकनीकी दिक्कत के चलते सिक्युरिटी डिपॉजिट पर मिलने वाला ब्याज बिलों में ज्यादा जुडकर आया है। हालांकि इस दिक्कत में सुधार कर लिया गया है। अगले माह से ऐसा नहीं होगा। मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी हर माह 50 लाख उपभोक्ताओं के बिल जनरेट करती है।
कुछ बैच में इस तरह की शिकायत सामने आई
ऐसे में सालभर में प्रदेश भर में 6 करोड बिल जनरेट किए जाते है लेकिन इस बार तीन से चार दिन के बिल की गणना सिस्टम में तकनीकी दिक्कत के चलते ज्यादा हो गई इसलिए सिक्युरिटी डिपॉजिट पर मिलने वाले ब्याज की राशि ज्यादा जुडकर बिलों में पहुंच गई। ऐसा बिजली कंपनी की आईटी सेल उप महाप्रबंधक का कहना है। उनका कहना है कि हर बिल में ऐसा नहीं हुआ है। कुछ बैच में इस तरह की शिकायत सामने आई है।
24 करोड बिल जनरेट करने से सिस्टम हुआ फेल
24 करोड बिल जनरेट होने से सिस्टम फेल बिजली कंपनी ने पिछले तीन से चार साल में करीब 24 करोड बिजली बिल जनरेट किए लेकिन सिस्टम की सर्विस नहीं हो पाई। ऐसे में कंपनी की आईटी सेल ने सिस्टम की सर्विस कराई और उसके बाद बिल जनरेट किए तो सिक्युरिटी डिपॉजिट के ब्याज की गणना गडबडा गई। इस कारण बिल में ब्याज की राशि जुडकर आ गई जिससे बिल कम होने की बजाय ज्यादा हो गया। उपभोक्ताओं को पीओएस मशीन से इस बिल का पूरा भुगतान करना पडा।
इस बार सिस्टम में दिक्कत होने के कारण जमा सिक्युरिटी डिपाजिट राशि पर मिलने वाले ब्याज की गणना ज्यादा हो गई। हालांकि गणना की व्यवस्था को सुधार लिया गया है। अगले माह से बिल सुधार के तहत ही आएगी।
अभिषेक मार्तंड, डीजीएम, आइटी सेल, बिजली कंपनी भोपाल
