स्मार्ट सिटी के अधूरे कार्यों को समयबद्ध कार्ययोजना के तहत पूरा कराएँ – सांसद 

ग्वालियर – स्मार्ट सिटी परियोजना के अधूरे कार्यों को समयबद्ध कार्ययोजना के तहत पूरा कराएँ। कार्य एजेन्सी से लिखित में लें कि वह कितनी समयावधि में कौन सा काम पूरा करेगी, जो कार्य एजेन्सी समय-सीमा में कार्य न करे उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। यह बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने स्मार्ट सिटी एडवायजरी फोरम (सीएलएएफ) की बैठक में कही। उन्होंने स्मार्ट सिटी के ऐसे कार्यों को प्रमुखता देने पर बल दिया जिनसे स्मार्ट सिटी की आय में वृद्धि हो और उस राशि से कार्यों के रख-रखाव के साथ-साथ नए काम कराए जा सकें। साथ ही पूर्ण हो चुके कार्यों के रख-रखाव की पुख्ता व्यवस्था करने पर विशेष बल दिया।
स्मार्ट सिटी एडवायजरी फोरम के सदस्यों ने स्मार्ट सिटी के कंट्रोल एण्ड कमाण्ड सेंटर सहित अन्य अच्छे कार्यों की सराहना की। सदस्यों का कहना था कि कोरोना काल के दौरान कंट्रोल एण्ड कमाण्ड सेंटर ने लोगों की जिंदगी बचाने में अहम योगदान दिया है। साथ ही यहाँ के ट्रैफिक मॉनीटरिंग सिस्टम से स्मार्ट सिटी को अभी तक लगभग साढ़े 7 करोड़ रूपए के राजस्व की प्राप्ति हो चुकी है। ई-चालान की वजह से शहरवासी यातायात नियमों के पालन के प्रति सावधान हो रहे हैं। स्मार्ट वॉशरूम, किले सहित अन्य ऐतिहासिक इमारतों पर फसाड़ लाइटिंग, अटल म्यूजियम व प्लूटोरोनियम निर्माण, ऐतिहासिक इमारतों का संरक्षण सहित अन्य कार्यों की भी सदस्यों द्वारा सराहना की गई। साथ ही कुछ प्रोजेक्ट की कमियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। वरिष्ठ अधिकारियों ने इन कमियों को दूर करने का भरोसा दिलाया।
शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
सीएलएएफ के सदस्यों एवं शहरवासियों की भावनाओं को समझें और शहर की स्ट्रीट लाईट व्यवस्था की कमियाँ दूर करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि फोरम की अगली बैठक से पहले शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था नहीं सुधरी तो स्मार्ट सिटी के अधीक्षण यंत्री को जवाबदेह मानकर कार्रवाई प्रस्तावित की जायेगी। शहर के भीतर तिराहों व चौराहों पर जरूरत के मुताबिक सीसीटीव्ही कैमरे लगाने के साथ-साथ शहर से जुड़े बाहरी क्षेत्रों में भी सीसीटीव्ही कैमरे लगाने पर बल दिया।
पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए मांगा सहयोग
स्मार्ट सिटी एडवायजरी फोरम की बैठक में कहा गया कि किसी भी बड़े शहर के लिये पब्लिक ट्रांसपोर्ट अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। इसलिए शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट शुरू करने के लिये सभी का सहयोग जरूरी है। बैठक में जानकारी दी गई कि अंतरराज्यीय बस अड्डा (आईएसबीटी) बनकर तैयार हो चुका है। इसके शुरू होने के बाद यात्रियों को शहर की विभिन्न कॉलोनियों में पहुंचने के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट की अत्यंत जरूरत होगी। शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट शुरू करने के लिये बैठक में सभी से सहयोग मांगा गया। बैठक में स्मार्ट वॉशरूम सहित एडीबी एरिया में स्मार्ट सिटी द्वारा हाथ में लिए गए विभिन्न प्रोजेक्ट, पूण्र-अपूर्ण कार्य एवं प्रस्तावित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। पब्लिक बाइक शेयरिंग प्रोजेक्ट को फिर से शुरू करने की बात भी बैठक में कही गई। साथ ही स्मार्ट सिटी एडवायजरी फोरम के सदस्यों को स्मार्ट सिटी के कार्यों का भ्रमण कराने के लिये कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *