धार्मिक स्थल पर मिले गोवंश के अंग, हिंदू संगठनों ने बंद कराया शहर
रतलाम. रतलाम जिले के जावरा में जागनाथ मंदिर परिसर में गोवंश के अवशेष मिलने से लोगों में रोष फैल गया। खबर फैलने पर बडी संख्या में लोग व हिन्दू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। इन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लकर नगर बंद करवा दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने महू नीमच हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। रतलाम के पुलिस अधिकारी व विधायक राजेन्द्र पांडे भी घटना स्थल पर पहुंचे। मामले में पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार तडके पुजारी मंदिर पहुंचे तो परिसर में गोवंश के अवशेष दिखाई देने पर उन्होंने अन्य लोगों व पुलिस को सूचना दी। पुलिस अधिकारी वहां पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर आरोपितों की तलाश शुरू की। जावरा में जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। एएसपी राकेश खाखा के अनुसार दो संदिग्धों को राउंडअप किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
पुजारी ने पुलिसकर्मियों को दी जानकारी
पुजारी गौरवपुरी गोस्वामी ने बताया कि प्रतिदिन की तरह वे तड़के करीब तीन बजे मंदिर पहुंचे तथा गेट खोला तो भगवान गणेश जी की मूर्ति के पास गोवंश का अवशेष पड़ा हुआ था। उन्होंने पुलिसकर्मियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद अधिकारी भी वहां पहुंचे। विधायक राजेंद्र पांडे भी मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर से अवशेष हटवाकर साफ-सफाई कराई गई। बताया जा रहा है कि घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी भी सामने आए है। इसको लेकर लोगों द्वारा विरोध जताया जा रहा है तथा जावरा नगर बंद कराने का निर्णय लेकर जो दुकानें खुली थीं उन्हें बंद करा दिया गया।
