मतगणना की फायनल रिहर्सल -मंगलवार 4 जून को प्रात: 8 बजे से एमएलबी कॉलेज में होगी मतगणना

4 जून को प्रात: 6.30 बजे खुलेंगे स्ट्रांग रूम
ग्वालियर -मतगणना की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। एमएलबी कॉलेज में विधानसभा क्षेत्रवार बनाए गए मतगणना कक्षों में सोमवार को फायनल रिहर्सल हुई। इस अवसर पर कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी रुचिका चौहान, विधानसभा क्षेत्रवार बनाए गए एआरओ एवं मास्टर ट्रेनर्स ने गणना पर्यवेक्षक एवं गणना सहायकों को मतगणना की बारीकियाँ एक बार फिर से विस्तारपूर्वक समझाईं। प्रशिक्षण में माइक्रो ऑब्जर्वर भी शामिल हुए।
मतगणना 4 जून को प्रात: 8 बजे से एमएलबी कॉलेज में होगी। मतगणना दिवस को प्रत्याशियों एवं उनके अभिकर्ताओं की मौजूदगी में प्रात: 6.30 बजे स्ट्रांग रूम खोले जायेंगे। ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में शामिल शिवपुरी जिले के करैरा व पोहरी विधानसभा क्षेत्र की गणना शिवपुरी स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रात: 8 बजे से की जायेगी। पूरे ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में प्राप्त डाक मत पत्रों की गिनती इकजाई रूप से एमएलबी कॉलेज ग्वालियर में होगी।
मतगणना परिसर एवं उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। लगभग एक हजार जवान मतगणना केन्द्र एवं उसके आसपास तैनात रहेंगे। साथ ही सीसीटीवी कैमरों के जरिए चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी।
डाक मत पत्रों के संबंध में आरओ लेंगे अंतिम निर्णय
कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने डाक मत पत्रों की गिनती के लिये हुई फायनल रिहर्सल में गणना पर्यवेक्षक व गणना सहायकों से कहा कि वे मत पत्र अस्वीकृत करने के संबंध में स्वयं निर्णय न लें। इसका निर्णय भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत एआरओ व आरओ करेंगे। कोई शंका होने पर एआरओ के ध्यान में लाएँ, एआरओ तत्काल संबंधित टेबल पर पहुँचकर काउण्टिंग एजेंट को संतुष्ट करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत हर शंका का समाधान करेंगे।
मतगणना परिसर में प्रवेश व पार्किंग व्यवस्था
मतगणना दिवस यानि 4 जून को कटोराताल की ओर वाले प्रवेश द्वार से विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर पूर्व, भितरवार व डबरा विधानसभा क्षेत्र के गणना अभिकर्ताओं को प्रवेश दिया जायेगा । गणना अभिकर्ता मेडीकल कॉलेज के डॉ. रविशंकर हॉस्टल के बगल में स्थित ओफो की बगिया मैदान व जीवाजी क्लब में अपने वाहन पार्क कर गणना परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर व ग्वालियर दक्षिण के गणना अभिकर्ता अचलेश्वर मंदिर की ओर वाले प्रवेश द्वार से मतगणना परिसर में प्रवेश कर संबंधित मतगणना कक्ष में पहुँच सकेंगे। यहाँ के गणना अभिकर्ताओं के चार पहिया वाहनों के लिये पार्किंग की व्यवस्था चेम्बर ऑफ कॉमर्स के मैदान में रहेगी।
मीडिया प्रतिनिधिगण एवं शासकीय अधिकारी-कर्मचारी जीवायएमसी मैदान में अपने चार पहिया वाहन पार्क करने के बाद अचलेश्वर मंदिर वाले प्रवेश द्वार से गणना परिसर में प्रवेश कर सकेंगे। सभी अभ्यर्थी, निर्वाचन व गणना अभिकर्ता, शासकीय सेवक व मीडिया प्रतिनिधिगण कटोराताल थीम रोड़ के फुटपाथ पर अपने दुपहिया वाहन पार्क कर सकेंगे।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती चौहान ने ओफो की बगिया मैदान, जीवाजी क्लब, चेम्बर ऑफ कॉमर्स एवं जीवायएमसी क्लब के पार्किंग स्थल को मतगणना से संबंधित पार्किंग व्यवस्था के लिये अधिग्रहीत करने के आदेश जारी किए हैं।
इतने गणना चक्र होंगे
ग्वालियर जिले के विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर दक्षिण व डबरा में 13-13 चक्र में मतगणना पूरी होगी। विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर में 15 चक्र, ग्वालियर पूर्व में 16 व भितरवार में 17 चक्रों में गिनती पूर्ण होगी। ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में शामिल शिवपुरी जिले के विधानसभा क्षेत्र करैरा में 20 गणना चक्र व पोहरी में 19 गणना चक्र होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *