शताब्दी एक्सप्रेस का एसी फेल, ठीक करने में 5 घंटे लगेंगे, बेहाल पैसेंजर
भोपाल. नौतपा के 7वें दिन आज शुक्रवार को नई दिल्ली से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन आ रही 12002 शताब्दी एक्सप्रेस की चेयर कार कोच सी-11 का एसी फेल हो गया। यात्रियों ने बताया कि ग्वालियर स्टेशन पर ही एसी समस्या शुरू हो गयी थी। टेक्नीशियन ने उसे ठीक करने की कोशिश की। जब सफल नहीं हो पाया तो हाथ खड़े कर दिये। रेलवे कर्मचारियों ने कहा कि चलती गाड़ी में एसी ठीक नहीं हो पायेगा। ट्रेन रोक कर काम करना होगा। लगभग 5 घंटे तक यात्रियों एसी के ही यात्रा करना पड़ी।
वहीं, एमपी के अधिक जिलों में तपिश बरकरार है। लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। जिन्हें जरूरी काम से बाहर निकलना पड़ रहा है वह गमछे, छाते, ठण्डे पानी और जूस का सहारा ले रहे हैं। उज्जैन में नगरनिगम ने वाटर स्प्रिंकलर मशीन लगाई है तो छिंदवाडा में बिजली विभाग ने ट्रांसफार्मर को ठण्डा रखने के लिये कूलर लगा रखे हैं।
18 जिलों में लू, सागर में आंधी-बिजली का अलर्ट
मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को ग्वालियर-निवाड़ी समेत 18 जिलों में लू का यलो अलर्ट जारी किया गया है। सागर में 60 किमी प्रति घंटा तक की रफ्तार से हल्की धूल भरी आंधी और बिजली चमकने का अनुमान है।
अशोकनगर, विदिशा, टीकमगढ़, दमोह, मुरैना, ग्वालियर, पन्ना, सतना, मैहर में भी आंधी और आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं। उमरिया के बांधवगढ़, अनूपपुर के अमरकंटक, डिंडोरी, छतरपुर और कटनी जिलों में भी मौसम बदलेगा।
ट्रेन में महिला की मौत, पति बोला-गर्मी की वजह से गई जान
इससे पहले गुरुवार को गोरखपुर-वडोदरा एक्सप्रेस में सफर के दौरान बीना और विदिशा के बीच महिला यात्री की मौत हो गई। आशा देवी (40) जनरल कोच में सफर कर रही थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद वे बेसुध हो गईं। बैरागढ़ स्टेशन पर चेकअप के बाद डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को ट्रेन से उतारकर हमीदिया हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन एंबुलेंस से शव लेकर उत्तर प्रदेश स्थित अपने गांव मऊनाथभंजन के लिए रवाना हो गए।
पति विनोद ने बताया, ‘आखिरी बार कॉल पर आशा से गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बात हुई थी। तब उसने बताया था कि ट्रेन में गर्मी बहुत अधिक है, बर्दाश्त के बाहर हो चुकी है। मेरी तबीयत ठीक नहीं लग रही है। मैंने उसे हिम्मत दिलाई थी कि गुजरात आते ही तुम्हारा चेकअप करा देंगे।’ विनोद गुजरात के वडोदरा में ड्राइविंग जॉब करते हैं। पत्नी और पांच बच्चे साथ ही रहते हैं। आशा एक महीने पहले 7 वर्षीय बेटे शुभम के साथ गांव गई थी। 29 मई को गोरखपुर-वडोदरा एक्सप्रेस से वडोदरा लौट रही थी।
बता दें कि नौतपा की शुरुआत से पिछले 6 दिन में गर्मी और लू के कारण 16 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें सबसे ज्यादा 5 मौतें खंडवा में हुई हैं।
