मोहन पारदी की हत्या में 4 आरोपी गिरफ्तार, चोरी से पहले 4 आरोपी अजमेर से गिरफ्तार
गुना. धरनावदा इलाके के बीलाखेड़ी गांव में 12 मई को पारदी समुदाय के व्यक्ति के मर्डर के मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इन्हें राजस्थान के अजमेर से पकड़ा गया है। मर्डर के 4 आरोपी अपने और साथियों के साथ चोरी करने गये हुए थे। इनके पास से चोरी में उपयोग किये जाने वाले औजार भी मिले हैं। पहले इस मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार किये जा चुके हैं।
आपको बता दें कि पिछले 2 माह से पारदी समुदाय के 2 गुटों में संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। डेढ़ महीने पहले एक पार्टी के धर्मपाल पारदी की हत्या दूसरे गुट ने कर दी थी। इसके बाद 11 मई को दूसरे गुट की एक महिला का शव शहर के कुशमौदा इलाके में फंदे पर लटका हुआ था और इसके बाद 10 मई को उसी गुट के व्यक्ति की हत्या हो गयी। मोहन पारदी 45, की हत्या का आरोप धर्मपाल पारदी से संबंधित गुट पर लगाया गया था। शव को जिला अस्पताल लाया गया। यहां बड़ी संख्या में पारदी महिलायें पहुंची थी।
क्या है मामला ऐसे समझिये
12 मई को जिले के धरनावदा थाना अंतर्गत ग्राम बीलाखेड़ी में मोटर सायकिल सवार मोहन पारदी एवं उसकी पुत्री अनीषा पारदी का लाठी, फर्सा, बंदूकें आदि हथियारों से लैस महेन्द्र पारदी, एहसान पारदी, राजवीर पारदी, विक्की, ओम, धनवान, देवेन्द, रामवीर, मोहन, राजा, विशाल, दीपक, आसिफ, जीतू, राम सिंह, मालिकराम, रामभवन, ऊधम, काके, धर्मराज, करण, धरमोद और रामपूजन पारदी ने पुरानी रंजिश पर एक राय होकर उनका रास्ता रोक लिया। उन्होंने मोहन पारदी व उसकी पुत्री अनिषा के साथ गाली गलौच कर मारपीट की। इसी दौरान महेन्द्र पारदी द्वारा अपने हाथ में ली हुई बंदूक से मोहन पारदी में गोली मार दी, जो उसके कान के पास लगी और गोली लगने से मोहन पारदी वहीं जमीन पर गिर गया। पुलिस ने इस मामले में 21 लोगों को आरोपी बनाया था। इनमे से तीन पहले ही पकड़े जा चुके हैं। प्रकरण में फरार तीन आरोपियों के संबंध में मुखबिर से मिली सूचना पर धरनावदा थाना पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए 20 मई को तीन आरोपी ओम पुत्र रामपूजन पारदी उम्र 19 साल निवासी ग्राम खेजरा चक, राम सिंह पुत्र गजराम पारदी उम्र 28 साल निवासी ग्राम बीलाखेड़ी और काके पुत्र सुरेश पारदी उम्र 20 साल निवासी ग्राम खेजरा चक थाना धरनावदा को गिरफ्तार कर लिया था।
4 आरोपी चोरी से पहले अजमेर से गिरफ्तार
चार और आरोपी अजमेर से गिरफ्तारपुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में पुलिस ने मर्डर के चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अपने और साथियों के साथ राजस्थान के अजमेर पहुंचे थे। संभवतः यहां उनका चोरी या डकैती डालने का प्लान था। पुलिस ने चारों मर्डर के आरोपी और इनके साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी करने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी मिले हैं। धरनावदा पुलिस इन्हे अजमेर से गुना ले आई है। आज इन्हे कोर्ट में पेश कर पुलिस पीआर मांग सकती है।
