सड़क पर नमाज की सूचना कहीं से न आए, कानून-व्यवस्था सुधारें अन्यथा हटा दिए जाएंगे अधिकारी- CM मोहन यादव

भोपाल. अलग-अलग राज्यों में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने की व्यस्तता के बीच मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने विभागीय समीक्षाओं का सिलसिला भी शुरू कर दिया है। उन्होंने मंत्रालय में कानून व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों से पूछा कि कहीं सड़क पर नमाज पढ़ने जैसे स्थिति तो नहीं है। अधिकारियों ने जब इससे इन्कार किया तो उन्होंने कहा कि ऐसी सूचना कहीं से न आए। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। व्यवस्थाएं सुधारें अन्यथा अधिकारी हटा दिए जाएंगे। धार्मिक स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनियंत्रित उपयोग पर रोक का कड़ाई से पालन कराएं। महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों पर कठोर कार्रवाई हो। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियां अधिक होती हैं, वहां सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की जाएं। धार्मिक स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनियंत्रित उपयोग की रोक पर कोई समझौता नहीं होगा। इसका कड़ाई से पालन कराएं और जनजागरण के लिए गतिविधियां भी संचालित करें। खुले में मांस की बिक्री पर भी नजर रखी जाए और डीजे पर भी नियंत्रण हों।
जुआ, सट्टा, संपत्ति संबंधी अपराध, धोखाधड़ी और साइबर क्राइम पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हर स्तर पर त्वरित कार्रवाई की जाए। प्रदेश में कानून का राज रहेगा। इसे चुनौती देने वालों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने मध्य प्रदेश में चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान और आतंकी गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए जा रही कार्रवाई की जानकारी ली और निर्देश दिए कि अंतर्राज्यीय अपराधों की रोकथाम के लिए प्रदेश की सीमा से लगे सभी राज्यों के अधिकारियों के साथ नियमित बैठक करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *