निगमायुक्त ने किया निर्माणाधीन पार्क और कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण
ग्वालियर – नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने शुक्रवार को कंट्रोल एवं कमांड सेंटर से शहर की सफाई में लगे स्वच्छता वाहनों की जांच की। इस दौरान उन्होंने सख्त निर्देश दिए की शहर की साफ सफाई व्यवस्था में जरा भी लापरवाही नहीं बरती जाए। इसके बाद उन्होंने शहर के नाला सफाई एवं कटारे फार्म हाउस पर बना रहे पार्क एवं कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया। निगमायुक्त ने सुबह कंट्रोल कमांड सेंटर के माध्यम से स्वच्छता में लगे सभी वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी को निर्देश दिए की वाहनों में पूरी मात्रा तक कचरा एकत्रित कर उसे कचरा ट्रांसफर स्टेशन तक पहुंचाया जाए।
सफाई व्यवस्था के कार्यों में जरा भी लापरवाही नहीं बरती जाए। इसके बाद उन्होंने मयूर मार्केट में नाला सफाई के कार्य को देखा। उन्होंने जल्द पूरे नाले को साफ करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि बारिश से पूर्व शहर के सभी नाले साफ कर दिए जाएं । जिससे शहर में जल भराव की समस्या नहीं हो। इसके बाद नगर निगम आयुक्त ने कटारे फार्म हाउस पर बन रहे कन्वेंशन सेंटर का निरीक्षण किया, वहां उन्होंने गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही नवीन पार्क को देखा एवं उसमें क्या-क्या सुविधा दी जानी है उसे मैप के जरिए समझा और अधिकारियों को बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
