हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैडिंग में बाल-बाल बचे 7 लोग, लैडिंग की कोशिश में 8 बार लहराया हेलीकॉप्टर

रूद्रप्रयाग. केदारनाथ धाम में शुक्रवार की सुबह हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैडिंग करायी गयी, इसमें सवार पायलट और 6 यात्री सुरक्षित है। यह सभी सिरसी हेलीपैड से केदारनाथ धाम के दर्शन के लिये जा रहे थे। तभी हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गयी। हेलीपैड पर उतरने से पहले यह हवा में लहराने लगा और इसके बाद इसकी इमरजेंसी लैडिंग करायी गयी। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। डीजीसीए ने घटना की जांच के आदेश दिये हैं।

हेलीकॉप्टर में तमिलनाडु के सवार थे यात्री
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदनसिंह रजवार ने बताया है कि यह हेलीकॉप्टर क्रिटन एविएशन कंपनी का था। यह हेलीपैड से लगभग 100 मीटर पहले ही हवा में लहराने लगा। हेलीकॉप्टर को कैप्टन कल्पेश उड़ा रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल पर जाकर यात्रियों की मदद की और उन्हें मंदिर तक पहुंचाया गया। हेलीकॉप्टर में तमिलनाडु के 6 श्रद्धालु-शिवाजी, उल्लूबैंकट चलम, महेश्वरी, सुन्दरा राज, सुमति, मयूर बाघवानी सवार थे।
नौ लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके
10 मई से शुरू हुई चार धाम यात्रा में अब तक कुल 9 लाख 61 हजार 302 श्रद्धालु चारों धाम के दर्शन कर चुके हैं। जिसमें 4 लाख 24 हजार 242 श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए पहुंचे। एक लाख 96 हजार 937 श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं।गंगोत्री में एक लाख 63 हजार 191 श्रद्धालुओं ने दर्शन कर लिए हैं। यमुनोत्री धाम में एक लाख 76,हजार 993 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। 23 मई को एक दिन में 75,569 श्रद्धालुओं ने चारों धामों के दर्शन किए।
अब तक 31 लाख रजिस्ट्रेशन
चार धाम यात्रा के लिए अब तक कुल 31 लाख 18 हजार 926 यात्रियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। 30 जून तक चारों धाम में दर्शन के लिए सभी स्लॉट फुल हैं। यमुनोत्री के लिए 4 लाख 86 हजार 285, गंगोत्री के लिए 5 लाख 54 हजार 656, केदारनाथ के लिए 10 लाख 37 हजार 700 और बद्रीनाथ के लिए 9 लाख 55 हजार 858 और हेमकुण्ड साहिब के लिए 84 हजार 427 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है।
