एजी पुल के बगल से रोड तैयार, ट्रैफिक शुरू, 50 हजार की आबादी को मिला नया रास्ता

ग्वालियर. एजी ऑफिस पुल के नीचे कार्यशाला होते हुए पुल के बगल से नगर निगम ने नया डायवर्जन मार्ग बनाकर तैयार कर दिया है। देर शाम को इस मार्ग पर डामर की दूसरी परत बिछाकर सडक तैयार कर दी गई और ट्रैफिक भी शुरू कर दिया गया। यह मार्ग तैयार होने से महलगांव, पंत नगर, कर्मचारी आवास कालोनी, प्रधानमंत्री आवास की लगभग 50 हजार की आबादी को लाभी मिल सकेगा। इसका कारण है कि उन्हें सिटी सेंटर आने के लिए आरोग्यधाम के सामने से उल्टी दिशा मे आना पडता है जिससे जाम के हालात बनते है।
दरअसल, एजी पुल के पास तीन दिशा से ट्रैफिक निकलता है, जिससे बार-बार जाम के हालात बनते हैं। एजी पुल से महलगांव की ओर जाने वाले वाहनों को उलटी दिशा में मुड़ते हैं, वहीं राजमाता चौराहे की तरफ से भी एजी पुल की ओर ट्रैफिक आता है। तीसरी दिशा में आरोग्यधाम की ओर से सिटी सेंटर की ओर जाने वाले वाहन आते हैं। इन वाहनों के आमने-सामने आने से इस पाइंट पर जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। इस समस्या से निजात पाने के लिए नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त सर्वे में सामने आया था कि एजी पुल के नीचे से कार्यशाला होते हुए बांई ओर रोड तैयार कर दी जाए। इससे महलगांव की ओर से आने वाले वाहनों को उलटी दिशा में नहीं आना पड़ेगा। नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने बताया कि गुरुवार को महलगांव से निगम की कार्यशाला होते हुए एजी पुल के बगल से रास्ता खोलने के लिए नगर निगम के अमले ने डामरीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया और वाहनों के लिए रास्ता खोल भी दिया गया है। इससे एजी पुल से महलगांव की ओर जाने वाला ट्रैफिक अब आसानी से कार्यशाला की तरफ बनाए गए डायवर्जन मार्ग से निकल सकेगा। वर्तमान में वाहन उलटी दिशा से आते हैं और सड़क पार करते हैं। अब वे एजी पुल कार्यशाला के पीछे से नई डायवर्जन रोड से निकलेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *