फरियादी ही निकला आरोपी, CCTV के फुटेज से हुआ खुलासा, स्वयं फायर कर विरोधियों पर कराई FIR

ग्वालियर. दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में हुए झगड़े के बाद विरोधियों पर हत्या के प्रयास की एफआईआर कराने वाले फरियादी की कहानी झूठी निकली है। फरियादी के झूठ का खुलासा तक सीसीटीवी कैमरे के फुटेज से हुआ है। जब पुलिस ने यह फुटेज देखा तो सइमें हत्या के प्रयास की शिकायत करने वाला ही हाथ में अधिया लेकर फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा है। जबकि दूसरी तरफ से कोई फायर नहीं किया गया। घटना सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात निर्मल वाटिका कोटेश्वर मंदिर के पास की है। अब पुलिस के टारगेट पर झूठी कहानी गढ़ कर मामला दर्ज कराने वाला फरियादी है। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो फरियादी घर से गायब था और बाहर से ताला लगा हुआ है।
ग्वालियर थाने के टीआई जितेन्द्रसिंह तोमर ने बताया कि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी एक होटल में वरूण की जन्मदिन की पार्टी थी। इसमें वरूण के कई दोस्त आये थे। इस दौरान जन्मदिन की पार्टी के बीच गर्व और अमित के बीच पैसों के विवाद को लेकर झगड़ा हुआ। झगड़ा होटल के बाहर तक पहुंचा और यहां फायर भी हुए। हंगामा की खबर मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पुलिस को गर्व ने बताया कि अमित ने अपने 3 साथियों के साथ उससे मारपीट की और जान लेने की नीयत कट्टे से फायर किये थे। पुलिस ने गर्व की शिकायत पर अमित और उसके 3 साथियों पर मामला दर्ज कर लिया था।
घटना की सत्यता जानने निकाले CCTV फुटेज
घटना की सत्यता पता लगाने के लिए पुलिस ने जो CCTV कैमरे के फुटेज निकाले हैं। उसमें देखा जा सकता है कि होटल के बाहर आया गर्व अधिया हाथ में लिए है। कुछ देर रुकने के बाद वह ऊपर की तरफ एक फायर करता है। फिर पीले रंग की टीशर्ट पहना युवक जिसका नाम हनी बताया जा रहा है वह अधिया लेकर एक फायर करता है।
अब फरियादी के घर पर लगा मिला ताला
अब जब पुलिस ने फुटेज के आधार पर पूरे मामले का खुलासा किया और झूठी शिकायत करने वाले कथित फरियादी की तलाश में उसके घर पहुंचे तो ताला लगा मिला है। अब पुलिस कथित फरियादी की तलाश कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *