मतदान के दौरान मुरैना में प्रत्याशी हुए नजरबंद, तो भिंड में विवाद में 6 घायल
मुरैना. मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में मंगलवार को 9 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। गर्मी के बाद भी 66.12 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस चरण में गुना, विदिशा, भोपाल, राजगढ़, बैतूल, ग्वालियर, मुरैना, सागर और भिंड लोकसभा सीट पर मतदान हुआ। इस दौरान मुरैना में प्रत्याशियों को नजरबंद किया गया, वहीं भिंड के अटेर में विवाद में 6 लोग घायल हो गए।
मुरैना-श्योपुर लोकसभा चुनाव : प्रत्याशी रहे नजरबंद, छिटपुट विवादों के बीच मतदान
मुरैना-श्योपुर लोकसभा सीट पर प्रशासन की मुस्तैदी के बीच मतदान हुआ। सुबह से ही उपद्रव की आशंका के चलते भाजपा, कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी को पुलिस लाइन बुलवा लिया गया। दोपहर बाद ही भाजपा प्रत्याशी शिवमंगल सिंह तोमर और कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार को क्षेत्र में जाने की अनुमति दी गई, हालाकि बसपा प्रत्याशी रमेश गर्ग को तब जाने दिया, जब उनके समर्थक वहां पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया।
पहले दो घंटे में मुरैना व श्योपुर जिले की आठों सीटों पर करीब 14 फीसद मतदान हुआ, जो अपराह्न तीन बजे तक 49.01 फीसद पर पहुंचा। सुमावली व जौरा में छुटपुट विवाद की खबरें भी आईं। चुनाव में हिंसा के नाम पर नायकपुरा में भाजपा-कांग्रेस समर्थकों में मारपीट ही हुई। नूराबाद के रंचौली में दो पक्षों में विवाद हुआ, जिसमें एक पक्ष ने खुद की झोपड़ी में आग लगाकर दूसरे पक्ष पर आरोप लगाकर ऐसी सनसनी फैलाई कि कलेक्टर को फेसबुक अकाउंट से मामले की सच्चाई बतानी पड़ी।
मुरैना शहर में पंचायती धर्मशाला के बूथ पर हंगामा होने पर पुलिस को लाठी भांजनी पड़ी। पोरसा के खड़गपुरा में मतदान को लेकर विवाद हो गया। विजयपुर विधानसभा क्षेत्रके निमांनियां गांव में मतदान के बहिष्कार की सूचना पर प्रशासन की टीम पहुंची और मतदान शुरू कराया।
